दिल्ली की बाल्मीकि बस्ती में भीषण आग, कई झुग्गियां जलकर खाक

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (23 June 2026): दिल्ली में एक बार फिर आग का तांडव देखने को मिला। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित तकिया काले खान इलाके की बाल्मीकि बस्ती में देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई।

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और मौके पर 24 फायर टेंडरों को भेजा गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। अधिकारियों के मुताबिक रात 11 बजकर 22 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया। दमकल विभाग की तत्परता के कारण आग को आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद फैजान ने बताया कि रात करीब पौने 11 बजे उन्होंने झुग्गियों की तरफ से आग की लपटें उठती हुई देखीं। उन्होंने कहा कि कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। फैजान के अनुसार जब लोग अंदर फंसे सामान और लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे थे, तब आग की तेज लपटें उनके ऊपर तक पहुंच रही थीं। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान पहुंचा है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्रभावित लोगों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।