मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय: विजयपाल तोमर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/06/2026): भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्ध नगर द्वारा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ब्लूम इंटरनेशनल स्कूल में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ओडिशा भाजपा प्रभारी, पूर्व सांसद विजयपाल तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विजयपाल तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण को शासन व्यवस्था का मूल आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र ने देश को नई दिशा प्रदान की है। पिछले 12 वर्षों में जनता और नेतृत्व के बीच विश्वास का जो मजबूत रिश्ता बना है, उसने भारत की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत अब केवल रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक राष्ट्र के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सोच और जनता के साथ सीधे संवाद ने इस विश्वास को मजबूत किया है। विजयपाल तोमर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) वर्तमान में 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में जनसेवा कर रहा है, जो जनता के व्यापक समर्थन का प्रमाण है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि बीते 12 वर्षों में राष्ट्र निर्माण मोदी सरकार का प्रमुख लक्ष्य रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की यात्रा ने भारत को नई आर्थिक शक्ति, नए आत्मविश्वास और नई पहचान प्रदान की है। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास को एक निरंतर चलने वाले मिशन के रूप में देखते हैं। वर्तमान कार्यसंस्कृति में केवल परियोजनाओं की घोषणा नहीं होती, बल्कि उनका समयबद्ध क्रियान्वयन और लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण के स्वर्णिम काल के रूप में याद किए जाएंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक लगभग आठ लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जा चुका है, जिनमें से करीब चार लाख किलोमीटर सड़कें पिछले 12 वर्षों के दौरान बनी हैं। इन सड़कों ने गांवों को शहरों से जोड़ने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान की है।

उन्होंने गौतमबुद्ध नगर में विकसित हो रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास और रोजगार के नए अवसरों का द्वार बनेगा। एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होने के बाद जनपद की वैश्विक पहचान और अधिक मजबूत होगी। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से वर्ष 2014 के बाद करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं। कोरोना महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण दौर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाकर सरकार ने संवेदनशीलता और जवाबदेही का परिचय दिया।

अभियान के जिला संयोजक सत्येंद्र नागर ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयकर छूट सीमा में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम के अंत में शिक्षाविद यशवीर नागर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने किया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरुण प्रधान, सरदीप नागर, जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी, धर्मेंद्र कोरी, ठाकुर धर्मेंद्र भाटी, संगीता तिवारी, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, डॉ. अंशु चक्रवर्ती, सीए अश्विनी गोयल, सुशील भाटी, एडवोकेट संतराम भाटी, मंडल अध्यक्ष लोकेश त्यागी, मनोज मावी, भिखारी सिंह, संजीव शर्मा, रजनी तोमर, गायत्री तिवारी, मुकेश भाटी, बॉबी शर्मा, शिवकांत जाटव, सुजाता सिंह, गीता सिंह, कैप्टन पंचशील, रीतिन नागर, शेखर नागर, जीतू, ममता तिवारी, प्रमोद श्रीवास्तव, मौजीराम नागर, एडवोकेट प्रभा कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।