दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (15 June 2026): दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित आईएसबीटी क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह रिंग रोड पर शांति वन से चंदगी राम अखाड़े की ओर जाने वाले कैरिज-वे पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान हनुमान मंदिर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कूटी, जिस पर तीन लोग सवार थे, ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल कुमार सड़क पर गिर पड़े और कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रहे एक मिनी ट्रक की चपेट में आ गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल को सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मिनी ट्रक चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया, जबकि स्कूटी पर सवार तीनों युवक दुर्घटना के बाद फरार हो गए।

पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि स्कूटी सवारों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह हो सकती है। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

हेड कांस्टेबल अनिल कुमार मूल रूप से राजस्थान के कोटपुतली जिले के बहरोड़ क्षेत्र के जटगंवारा गांव के रहने वाले थे। वह वर्तमान में दिल्ली के छतरपुर इलाके में किराए के मकान में रहकर अपनी सेवा दे रहे थे, जबकि उनका परिवार राजस्थान में ही निवास करता है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दिल्ली पुलिस ने परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है और अपने कर्तव्य का पालन करते हुए जान गंवाने वाले हेड कांस्टेबल को श्रद्धांजलि दी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।