गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की शांभवी सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में लहराया परचम
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (14/06/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) की छात्रा शांभवी सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रहीं शांभवी ने नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है।
सामाजिक एवं मानविकी संकाय के शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग में आईटीईपी (बी.ए.-बी.एड.) छठे सेमेस्टर की छात्रा शांभवी सिंह ने 11 से 16 जून 2026 तक नेपाल के पोखरा स्थित पोखरा रंगशाला स्टेडियम में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल गेम्स एजुकेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीईएफआई) के तत्वावधान में किया गया था।
चैंपियनशिप के दौरान भारत और नेपाल की महिला हॉकी टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। 13 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान नेपाल को 6-2 के बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत में टीम की सदस्य शांभवी सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान देते हुए अपने खेल कौशल और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान शांभवी ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और बेहतरीन खेल प्रदर्शन का परिचय दिया। उनकी इस सफलता ने यह साबित किया है कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों और अन्य सह-पाठ्यक्रमिक गतिविधियों में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
शांभवी की इस उपलब्धि पर शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. श्रुति कंवर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना और स्वर्ण पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व का विषय होता है। उन्होंने कहा कि शांभवी की सफलता न केवल विभाग और विश्वविद्यालय के लिए सम्मान की बात है, बल्कि यह अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भी शांभवी सिंह को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले समय में भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर देश तथा विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन करती रहेंगी। शांभवी सिंह की यह उपलब्धि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। साथ ही यह विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भी देखी जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।