New Delhi News (12 June 2026): फिल्म अभिनेता सलमान खान ने आगामी फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। अपनी याचिका में सलमान खान ने कहा है कि यह फिल्म 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है और इसमें उनके व्यक्तित्व, पहचान और छवि का इस्तेमाल इस तरह किया गया है जिससे उनके पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन होता है। उनका कहना है कि फिल्म के प्रदर्शन से उनकी सार्वजनिक छवि प्रभावित हो सकती है और इससे कानूनी विवाद भी खड़ा हो सकता है।
याचिका में सलमान खान की ओर से आरोप लगाया गया है कि फिल्म निर्माताओं ने उनके हमशक्ल का इस्तेमाल किया है और किरदार को उसी तरह का ब्रासलेट पहनाया गया है, जो सलमान खान की पहचान का अहम हिस्सा माना जाता है। इसके अलावा, फिल्म के प्रचार-प्रसार में भी सलमान खान के नाम और उनकी छवि का अप्रत्यक्ष रूप से उपयोग किए जाने का दावा किया गया है। अभिनेता का कहना है कि बिना अनुमति इस तरह उनकी पहचान से जुड़े तत्वों का इस्तेमाल करना उनके अधिकारों का हनन है।
सलमान खान ने अदालत को यह भी बताया है कि काला हिरण शिकार से जुड़ा मामला अभी भी राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है। ऐसे में यदि इस विषय पर आधारित फिल्म रिलीज होती है और उसमें सनसनीखेज तरीके से घटनाओं को प्रस्तुत किया जाता है, तो इससे न्यायिक प्रक्रिया और मुकदमे की निष्पक्ष सुनवाई पर असर पड़ सकता है। याचिका के अनुसार, फिल्म की रिलीज रोकने के लिए निर्माताओं को पहले ही कानूनी नोटिस भेजा गया था, जिसमें प्रमोशन और प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की गई थी, लेकिन इसके बावजूद फिल्म का प्रचार जारी रखा गया।
विवादों के बीच फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ का फर्स्ट लुक भी जारी किया जा चुका है। फिल्म में काला हिरण शिकार प्रकरण, उससे जुड़ी अदालती कार्यवाही और सलमान खान व लॉरेंस बिश्नोई की कथित दुश्मनी से प्रेरित घटनाओं को दिखाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि विवाद से बचने के लिए निर्माताओं ने सलमान से प्रेरित किरदार का नाम ‘अयान खान’ और लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार का नाम ‘लॉयन बिश्नोई’ रखा है। फिल्म का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया है, जबकि इसका निर्माण अमित जानी ने किया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।