अब न धुआं, न शोर; यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में दौड़ेंगी हाइड्रोजन बसें, हुआ शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क

Yamuna Authority News (12/06/2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज इलेक्ट्रिक बसों के साथ तीन हाइड्रोजन ईंधन आधारित बसों को फ्लैग ऑफ किया। एनटीपीसी दादरी द्वारा “ग्रीन हाइड्रोजन बेस्ड मोबिलिटी प्रोजेक्ट” के अंतर्गत निर्मित इन बसों का संचालन यमुना प्राधिकरण के सहयोग से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ग्रीन हाइड्रोजन मोबिलिटी एक नई और अभिनव अवधारणा है, जिसमें बसें डीज़ल के बजाय हाइड्रोजन ईंधन पर संचालित होंगी। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगी।

सीईओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार, इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के जल का उपयोग किया जाता है और भूजल का दोहन नहीं होता। इसके अलावा प्रतिदिन लगभग 2080 किलोग्राम ऑक्सीजन का उत्पादन होगा, जो करीब 1750 पेड़ लगाने के बराबर माना जाता है।

उन्होंने बताया कि हाइड्रोजन फ्यूल सेल बसों से उत्सर्जन के रूप में केवल पानी निकलेगा, जिससे वायु प्रदूषण नहीं होगा। इस परियोजना के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1000 टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है। साथ ही, यह भारत का सबसे बड़ा ग्रीन हाइड्रोजन फ्यूलिंग स्टेशन भी है।

प्राधिकरण के अनुसार, 42 यात्रियों की क्षमता वाली और 12 मीटर लंबी प्रत्येक बस में एक बार में 56 किलोग्राम हाइड्रोजन भरी जा सकेगी, जिससे बसें एक बार में लगभग 750 किलोमीटर तक की यात्रा कर सकेंगी।

ग्रीन हाइड्रोजन आधारित मोबिलिटी परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य के हरित परिवहन मॉडल की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। यह पहल न केवल प्रदूषण कम करने में मदद करेगी, बल्कि देश में ग्रीन ट्रांसपोर्ट के नए मानक भी स्थापित करेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।