New Delhi News (11 जून 20206): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ विजन को गति देने के उद्देश्य से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गुरुवार को नेताजी नगर स्थित महिला तकनीकी संस्थान (Women Technical Institute) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी आकांक्षाओं, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कुलजीत सिंह चहल ने संस्थान की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। चहल ने आश्वासन दिया कि NDMC संस्थान के आधुनिकीकरण और समग्र विकास के लिए आवश्यक कदम उठाएगा तथा इसे महिला कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर चहल ने कहा कि महिलाओं को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना विकसित भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है और महिला तकनीकी संस्थान जैसी संस्थाएं आत्मनिर्भर, कुशल और आत्मविश्वासी युवा पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में स्थापित महिला तकनीकी संस्थान महिलाओं को व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने वाला एक प्रतिष्ठित केंद्र है। यहां NCVT, SCVT और प्रयाग संगीत समिति से संबद्ध विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA), हिंदी एवं अंग्रेजी स्टेनोग्राफी, ब्यूटी एंड हेयर ड्रेसिंग, कटिंग एवं टेलरिंग, ड्रेस डिजाइनिंग, टेक्सटाइल डिजाइनिंग, कुकिंग, कैटरिंग एवं होम मैनेजमेंट सहित संगीत और नृत्य के दीर्घकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध हैं।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि बदलते समय और तकनीकी जरूरतों को देखते हुए संस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल लर्निंग, सूचना प्रौद्योगिकी तथा उद्यमिता से जुड़े अल्पकालिक और आधुनिक पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाने चाहिए। इससे छात्राएं भविष्य की चुनौतियों और रोजगार के नए अवसरों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगी।
छात्राओं के साथ हुए संवाद में कई छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और योजनाओं से मिले लाभों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत प्राप्त टूलकिट, वित्तीय सहायता और कौशल विकास के अवसरों के बारे में भी जानकारी साझा की। इसके अलावा छात्राओं ने महिला सुरक्षा, बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी और अपने क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों के सकारात्मक प्रभावों पर भी चर्चा की।
चहल ने संस्थान के शिक्षकों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि वे छात्राओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि NDMC भविष्य में नए पाठ्यक्रम शुरू करने, आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने और संस्थान के बुनियादी ढांचे को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के सपने को साकार करने के लिए महिला तकनीकी संस्थान को महिला कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और तकनीकी शिक्षा का “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” बनाने हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।