Noida News (09/06/2026): दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक विशेष अभियान ‘ऑपरेशन अपराजेय (OPERATION INVICTUS)’ की शुरुआत की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और युवा वयस्कों को एक मजबूत सुरक्षा एवं सहायता तंत्र से जोड़ना है।
अभियान के तहत कमिश्नरेट क्षेत्र के सभी थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और उनके परिवारों का गोपनीय डेटाबेस तैयार किया जाएगा। विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर बच्चों की पहचान कर उन्हें पुलिस की सहायता एवं निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाएगा। महिला बीट अधिकारी प्रत्येक माह दो बार बच्चों, उनके अभिभावकों और देखभालकर्ताओं से संपर्क कर उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवश्यकताओं की जानकारी लेंगी।
अभियान का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समय पर स्वास्थ्य, काउंसलिंग और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना भी है। आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों और विशेषज्ञ संस्थानों से जोड़ा जाएगा। साथ ही परिवारों को हेल्पलाइन सेवाओं, कानूनी अधिकारों और आपातकालीन सहायता व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए केयरटेकर सत्यापन, संभावित जोखिमों की पहचान और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की व्यवस्था भी तैयार की है। इसके अलावा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और उनके परिवारों के लिए ‘नेबरहुड सिक्योरिटी प्लान’ विकसित किया जा रहा है, जिसके तहत स्थानीय स्तर पर सहायता और सुरक्षा का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के प्रथम चरण में कमिश्नरेट क्षेत्र के 1,645 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को चिन्हित किया गया है। इन बच्चों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने और उनसे संवेदनशील संवाद स्थापित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण मैक्स हॉस्पिटल, एमिटी यूनिवर्सिटी और अन्य विशेषज्ञ संस्थानों के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि यह पहल केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सम्मानजनक, सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, उत्पीड़न, भेदभाव या असुरक्षा की शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कानूनी और सुरक्षा सहायता उपलब्ध कराएगी।
साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए अभियान के तहत एआई आधारित प्रशिक्षण वीडियो और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, ताकि बच्चों और उनके परिवारों को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सहायता के लिए 8595902539 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अधिकारियों का मानना है कि ‘ऑपरेशन अपराजेय’ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी मॉडल साबित होगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।