पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन, शिकायत वाले चौकी प्रभारियों पर जांच के निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (08/06/2026): सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में आयोजित कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा समीक्षा बैठक में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। बैठक में विभिन्न आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने ट्रैफिक जाम, चोरी की घटनाओं, पुलिस गश्त की कमी, पार्कों में असामाजिक गतिविधियों तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दे उठाए। पुलिस कमिश्नर ने सभी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान लक्ष्मी सिंह ने पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां संबंधित चौकी प्रभारियों की प्रारंभिक जांच (पीई) कराई जाए और 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं और कुछ स्थानों पर लोगों को स्वयं निगरानी एवं गश्त करने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यदि चौकी स्तर पर पुलिस की मौजूदगी प्रभावी नहीं है, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने के बावजूद चौकियों पर पुलिसकर्मियों का न मिलना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने एसीपी और थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करते हुए चेतावनी दी कि यदि जनता की शिकायतें इसी प्रकार जारी रहीं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चौकियों का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है और यदि यह व्यवस्था प्रभावी नहीं है तो इसकी समीक्षा आवश्यक है।

बैठक में सेक्टर-63 समेत कई क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम और पुलिस गश्त को लेकर शिकायतें सामने आईं। इस पर पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी को प्रत्येक माह आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर स्थानीय समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पार्क गोद लेने तथा वहां नियमित निगरानी और पेट्रोलिंग की विशेष योजना भी घोषित की गई। लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सेक्टर-18, सेक्टर-24, फेज-2 और सेक्टर-49 सहित विभिन्न क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरडब्ल्यूए और आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा हर हाल में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही नोएडा को सुरक्षित, व्यवस्थित और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।