5 दिन में इस्तीफा दे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नहीं तो फिर आएंगे अगले शनिवार : अभिजीत दीपिके

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (06 June 2026): दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर करीब पांच घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंच से केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री को अगले 5 दिनों के भीतर इस्तीफा देना होगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में इस्तीफा नहीं दिया गया तो 13 जून को जंतर-मंतर पर दोबारा बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली लौटने के बाद सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। अपने संबोधन के दौरान उनके हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की आत्मकथा और भारतीय संविधान की प्रति भी दिखाई दी। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी अपनी मांगों से पीछे हटने वाली नहीं है और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार के पास केवल पांच दिन का समय है और इसके बाद आंदोलन का अगला चरण शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए और उन्होंने मंच से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। उनके साथ पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी मौजूद रहे। हालांकि प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति शाम पांच बजे तक दी थी, लेकिन अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक दोपहर करीब तीन बजे ही धरना स्थल से रवाना हो गए, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाई गई थी तथा एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भी अतिरिक्त निगरानी रखी गई ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पांच दिन की समय सीमा पूरी होने से पहले सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।