पीएसी, एसडीआरएफ और यूपीएसएसएफ के आधुनिकीकरण पर योगी सरकार का फोकस

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (05/06/2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से पीएसी, एसडीआरएफ और यूपीएसएसएफ की कार्यप्रणाली, संसाधनों तथा भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि बदलती चुनौतियों और आधुनिक सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए इन बलों को तकनीकी रूप से सक्षम और अधिक प्रभावी बनाना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक अभ्यास को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि जवानों को ऐसा प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे आपदा, सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला पीएसी बटालियनों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बदायूं, लखनऊ और गोरखपुर स्थित महिला बटालियन परिसरों में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी, वीरांगना ऊदा देवी और वीरांगना झलकारी बाई की अश्वारोही प्रतिमाएं स्थापित कराने के भी निर्देश दिए, ताकि वीरांगनाओं के योगदान को सम्मान दिया जा सके और महिला सशक्तिकरण को नई प्रेरणा मिले।

आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ की तैयारियों को और मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने खोज एवं बचाव अभियानों में आधुनिक तकनीकों के उपयोग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश देते हुए मानव जीवन बचाने के लिए ह्यूमन लिफ्टिंग ड्रोन जैसी उन्नत प्रणालियों पर भी विचार करने को कहा।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पीएसी, एसडीआरएफ और यूपीएसएसएफ के आधुनिकीकरण, तकनीकी उन्नयन, अवसंरचना विकास और मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण से जुड़े सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की सर्वोत्तम व्यवस्थाओं और तकनीकों को अपनाकर सुरक्षा बलों की क्षमता बढ़ाने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मजबूत, प्रशिक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम सुरक्षा तंत्र ही प्रदेश को सुरक्षित, आपदा-प्रतिरोधी और सुशासित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।