जनगणना कार्य में उदासीनता पर प्रशासन सख्त, 165 कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज हुई FIR

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Budh Nager News (04/06/2026): गौतमबुद्ध नगर में जनगणना-2027 के कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जनगणना संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने और निर्धारित कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर काम शुरू न करने वाले 165 कर्मचारियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है। कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद जिन कर्मचारियों ने जनगणना कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं किया, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई की जद में सबसे अधिक शिक्षा विभाग के कर्मचारी आए हैं। दर्ज मामलों में 92 शिक्षक एवं सहायक अध्यापक शामिल हैं। इसके अलावा 43 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। अन्य विभागों से जुड़े 30 कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गई है।

जिले में 2284 एचएलबी निर्धारित

जनगणना-2027 के तहत जिले में कुल 2284 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) चिन्हित किए गए हैं। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार इनमें से 1605 एचएलबी पर सर्वेक्षण एवं संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अब तक 16 एचएलबी का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है, जबकि 654 एचएलबी ऐसे हैं जहां अभी तक काम प्रारंभ नहीं हो पाया है।

केवल 70 प्रतिशत ब्लॉक ही सक्रिय

प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले में अभी लगभग 70 प्रतिशत एचएलबी ही सक्रिय रूप से कार्यरत हो सके हैं। शेष क्षेत्रों में कार्य गति पकड़ सके, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी और समीक्षा कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जनगणना कार्य की सफलता सभी संबंधित विभागों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।

राष्ट्रीय दायित्व में ढिलाई नहीं होगी स्वीकार

जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण और समयबद्ध अभियान है। ऐसे में किसी भी कर्मचारी द्वारा की गई उदासीनता या असहयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि जिन कर्मचारियों की वजह से जनगणना कार्य प्रभावित होगा, उनके खिलाफ प्रशासनिक, विभागीय और कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कर्मचारियों को तत्काल ड्यूटी जॉइन करने के निर्देश

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना किसी देरी के अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर पहुंचकर जनगणना से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कार्य में बाधा उत्पन्न करने या आदेशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।