मालवीय नगर अग्निकांड में बड़ा एक्शन, होटल भवन मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (03 June 2026): दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में हुए भीषण होटल अग्निकांड के बाद दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल भवन के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपी मालिक और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था। पुलिस को आशंका थी कि दोनों देश छोड़कर फरार होने की कोशिश कर सकते हैं। विशेष टीमों द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान लवकेश बजाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस मामले में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह हादसा मालवीय नगर के हौज रानी स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुआ था, जहां आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 21 लोगों की मौत हुई, जिनमें 10 भारतीय, 9 अफ्रीकी देशों के नागरिक और 2 तुर्कमेनिस्तान के नागरिक शामिल बताए गए हैं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 58 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन कई लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। इस हादसे ने राजधानी में होटलों और व्यावसायिक इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में सामने आया है कि होटल के पास अनिवार्य फायर एनओसी नहीं थी और इमारत में सुरक्षा मानकों की कथित तौर पर व्यापक अनदेखी की गई थी। पुलिस के अनुसार भवन में केवल एक ही प्रवेश और निकास मार्ग था, जबकि खिड़कियां स्थायी रूप से बंद थीं। इतना ही नहीं, मुख्य दरवाजा सेंसर आधारित होने के कारण आग लगने के दौरान लोगों को बाहर निकलने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत होटल को केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति थी, लेकिन वहां करीब 25 कमरे चलाए जा रहे थे। इनमें कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे, जो सुरक्षा मानकों के खिलाफ बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वर्षों के दौरान इमारत में अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया गया था और इसके लिए आवश्यक स्वीकृतियां नहीं ली गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या सहित कई गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज की है। अब लवकेश बजाज से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन, अवैध निर्माण और होटल संचालन में किन-किन लोगों की भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि इस भीषण त्रासदी के जिम्मेदार लोगों को कानून के कटघरे तक लाया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN N7EWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।