मालवीय नगर स्थित होटल में हुई अग्निकांड की घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश : महापौर श्री प्रवेश वाही

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News(03 जून 2026) दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र स्थित एक होटल में हुई भीषण अग्निकांड की घटना पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है। इस दुखद घटना में अनेक लोगों के हताहत होने की सूचना प्राप्त होने पर महापौर ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक है तथा इससे सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था और भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न खड़े हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की घटनाओं के कारणों की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर प्रवेश वाही ने इस संबंध में दिल्ली नगर निगम के आयुक्त को तत्काल पत्र जारी कर विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित प्रतिष्ठान में नगर निगम के भवन उपविधियों, अग्नि सुरक्षा मानकों अथवा अन्य वैधानिक प्रावधानों का किसी प्रकार से उल्लंघन तो नहीं किया गया था। इसके अतिरिक्त यह भी जांच की जाएगी कि यदि किसी स्तर पर नगर निगम के अधिकारियों अथवा कर्मचारियों द्वारा लापरवाही, कर्तव्य में चूक या नियमों की अवहेलना की गई है तो उसके लिए कौन उत्तरदायी है।

महापौर ने निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है अथवा किसी प्रकार की प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री वाही ने आयुक्त से कहा है कि जांच रिपोर्ट के साथ-साथ इस संबंध में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तीन दिन में प्रस्तुत की जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि जांच प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी के नागरिकों की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजधानी में संचालित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंटों तथा सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों में अग्नि सुरक्षा एवं भवन मानकों के अनुपालन की समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी भवन या व्यावसायिक प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।