ओखला पक्षी विहार में बर्ड फेस्टिवल-2025 का भव्य आयोजन, वेटलैंड संरक्षण पर दिया गया संदेश
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (3 फरवरी 2025): अंतर्राष्ट्रीय वेटलैंड दिवस के अवसर पर ओखला पक्षी विहार, गौतम बुद्ध नगर में बर्ड फेस्टिवल-2025 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और वेटलैंड्स के महत्व को रेखांकित करने के लिए आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस रामबदन सिंह, ओएसडी एवं उद्यान निदेशक, नोएडा प्राधिकरण आनंद मोहन समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस फेस्टिवल में एचसीएल फाउंडेशन और वाईएसएस फाउंडेशन के स्वयंसेवकों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं पक्षी प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बर्ड वॉचिंग, छायाचित्र प्रतियोगिता और वेटलैंड भ्रमण जैसी कई गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने पक्षी संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों को करीब से समझा।
गौतम बुद्ध नगर के प्रभागीय वनाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में आयोजित वेटलैंड भ्रमण के दौरान, प्रतिभागियों को वेटलैंड्स की पारिस्थितिकी, प्रवासी और स्थानीय पक्षियों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि आर्द्रभूमियां (वेटलैंड्स) जैव विविधता संरक्षण, जल शुद्धिकरण और जलवायु संतुलन में अहम भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के समापन पर छायाचित्र प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अन्य विशिष्ट अतिथियों को प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा, बर्ड फेस्टिवल का उद्देश्य केवल पक्षी प्रेमियों को एक मंच प्रदान करना नहीं है, बल्कि यह हमें पर्यावरण और वेटलैंड संरक्षण की जिम्मेदारी का भी अहसास कराता है। हमें अपने वेटलैंड्स को बचाने और जैव विविधता को संरक्षित करने के लिए मिलकर कार्य करना होगा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और विशेषज्ञों ने वेटलैंड्स को बचाने और पक्षियों के प्राकृतिक आवास को संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित पक्षी प्रेमियों, छात्रों और स्वयंसेवकों ने भी वेटलैंड संरक्षण के लिए अपने स्तर पर योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बर्ड फेस्टिवल-2025 के सफल आयोजन के लिए गौतम बुद्ध नगर वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और अन्य भागीदार संस्थानों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस आयोजन ने न केवल पक्षी प्रेमियों को एक अनूठा अनुभव प्रदान किया बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।