शिक्षा पर सियासत तेज, पवन खेड़ा ने केंद्र पर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (01 जून 2026): कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। OSM, CBSE और CUET से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए खेड़ा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर कर रही है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के बजट में भारी कटौती की गई है, जिसका असर सीधे तौर पर छात्रों और युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है।

नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन खेड़ा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती खामियां, छात्रों की परेशानियां और परीक्षा प्रणाली में सामने आ रही कथित गड़बड़ियां सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के बजाय ऐसे माहौल की ओर धकेल रही है, जहां सवाल पूछने की गुंजाइश कम होती जा रही है।

पवन खेड़ा ने कहा कि देश का भविष्य स्कूलों, कॉलेजों और कैंपस में तय होता है, लेकिन मौजूदा सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बजाय बजट में कटौती कर रही है। उन्होंने OSM, CBSE और CUET से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि छात्रों और अभिभावकों के सवालों का जवाब सरकार को देना चाहिए।

प्रेस वार्ता के दौरान पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार के “ना खाऊंगा और ना खाने दूंगा” नारे पर भी तंज कसते हुए कहा कि अब स्थिति “ना पढ़ूंगा और ना पढ़ने दूंगा” जैसी नजर आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ में कई विषयों पर चर्चा करते हैं, लेकिन लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों पर जवाब देने से बचते दिखाई देते हैं।

कांग्रेस नेता ने सरकार से शिक्षा क्षेत्र में सुधारात्मक कदम उठाने और छात्रों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी शिक्षा के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने का अभियान जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।