New Delhi News (01 जून 2026): दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासन ने चिन्हित अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, जबकि ड्रोन के माध्यम से पूरे अभियान की निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है और परियोजना के लिए आवश्यक भूमि को जल्द खाली कराया जाएगा।
सेंट्रल-नॉर्थ दिल्ली के डीएम शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि कुल 143 मकानों को चिन्हित किया गया था, जिनमें 127 परिवार रह रहे थे। कुछ स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 60 प्रतिशत अतिक्रमण हटाया जा चुका है और उम्मीद है कि शेष कार्रवाई भी सोमवार शाम तक पूरी कर ली जाएगी। डीएम के अनुसार यह भूमि कई दशक पहले अधिग्रहित की जा चुकी थी तथा संबंधित भू-स्वामियों को मुआवजा भी दिया जा चुका है।
वर्तमान में यहां रहने वाले लोग सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बसे हुए थे।
डीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद लगभग 8 बीघा भूमि का कब्जा लेकर उसे संबंधित विभागों को सौंपा जाएगा, ताकि सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो सके। उन्होंने बताया कि यहां 30 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी यातायात समस्याओं का समाधान होगा। उनके अनुसार बरसात के दौरान जलभराव और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है और इससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत उपायों की भी घोषणा की है। डीएम शैलेंद्र सिंह परिहार के मुताबिक मानवीय आधार पर प्रत्येक पात्र परिवार को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सहायता दी जा रही है। इसके अलावा जिन लोगों को आवास की आवश्यकता है, उनके लिए शाहदरा घेड़ा में फ्लैट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों और प्रभावित लोगों के हितों के बीच संतुलन बनाते हुए पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
शालीमार बाग रेलवे अंडरब्रिज को आउटर रिंग रोड से जोड़ने वाले प्रस्तावित कॉरिडोर के निर्माण को इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बताया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि अतिक्रमण हटने के बाद सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से शुरू होगा और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परियोजना से जुड़े सभी अवरोधों को हटाकर विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।