गौड़ सिटी की 16th पार्क एवेन्यू में केबल फॉल्ट से अंधेरे में डूबे हजारों फ्लैट

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (29/05/2026): यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-19 स्थित गौड़ सिटी की 16th पार्क एवेन्यू सोसायटी में गुरुवार शाम अचानक हुए बिजली केबल फॉल्ट ने हजारों लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बिजली आपूर्ति करने वाली मुख्य केबल में तकनीकी खराबी आने के बाद आग लग गई, जिसके चलते करीब दो हजार से अधिक फ्लैटों की सप्लाई ठप हो गई। घंटों तक बिजली गुल रहने से पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे अचानक सोसायटी की विद्युत लाइन से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में केबल में चिंगारियां निकलने लगीं और आग फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सोसायटी के सुरक्षा कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को वहां से हटाया। आग लगने के बाद बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी, जिससे पूरे परिसर में अंधेरा छा गया।

बिजली बाधित होने का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ा। उमस और गर्मी के कारण कई परिवार घरों से बाहर खुले स्थानों पर बैठने को मजबूर दिखाई दिए। लिफ्ट बंद होने से ऊंची मंजिलों पर रहने वाले लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ी। कई निवासियों ने आरोप लगाया कि बिजली संकट के दौरान सोसायटी प्रबंधन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।

निवासियों ने बिल्डर और मेंटिनेंस एजेंसी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हर महीने पावर बैकअप और मेंटिनेंस शुल्क के नाम पर भारी रकम वसूली जाती है, लेकिन आपात स्थिति आने पर न तो पर्याप्त डीजी बैकअप उपलब्ध कराया गया और न ही किसी तरह की त्वरित राहत व्यवस्था दिखाई दी। लोगों का आरोप है कि सोसायटी की विद्युत व्यवस्था लंबे समय से खराब रखरखाव का शिकार है, जिसकी शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं।

घटना के बाद बिजली विभाग और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और खराबी दूर करने का काम शुरू किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार केबल में तकनीकी फॉल्ट के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर प्रदीप मौर्य ने बताया कि विशेषज्ञ टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई है और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, इस घटना के बाद सोसायटी में सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइनों की जांच और रखरखाव किया जाता, तो इतनी बड़ी समस्या से बचा जा सकता था।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।