जेवर MLA धीरेंद्र सिंह की मौजूदगी में साइट-4 रामलीला में भरत मिलाप, सीता हरण और जटायु मरण का मंचन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17/10/2026): ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित विजय महोत्सव 2026 के अंतर्गत रामलीला के दौरान भरत मिलाप, नारद-सूपर्णखा संवाद, सीता हरण, राम वियोग और जटायु मरण के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से भाईचारे, त्याग, प्रेम, भक्ति और धर्म के प्रति समर्पण का संदेश दिया। लीला के भावुक दृश्यों ने दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों से रूबरू कराया। वहीं, 18 अक्टूबर को शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज, हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन की लीला का मंचन किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने कमेटी द्वारा प्रस्तुत रामलीला और आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। कार्यक्रम में अतिथि बबीता नागर सहित प्रायोजक विजेंद्र सिंह भाटी, सौरव भाटी, अंकुर मित्तल, नरेंद्र यादव, नितिन चौहान और राजेंद्र अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भगवान राम के चित्र पर माल्यार्पण किया।

भरत मिलाप और जटायु मरण के प्रसंगों ने किया भावुक

कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि मंचन के दौरान भरत मिलाप के प्रसंग में भाइयों के बीच प्रेम, सम्मान और त्याग की भावना को दर्शाया गया। वहीं, नारद-सूपर्णखा संवाद के बाद सीता हरण और भगवान राम के वियोग से जुड़े दृश्यों का मंचन हुआ। माता सीता की खोज के दौरान पक्षीराज जटायु का रावण से संघर्ष करना और माता सीता की रक्षा के प्रयास में अपने प्राण त्याग देना लीला के प्रमुख भावुक प्रसंगों में शामिल रहा।

महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने कहा कि रामलीला के ये प्रसंग पारिवारिक संबंधों की मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। भरत मिलाप भाई के प्रति निस्वार्थ प्रेम और त्याग का प्रतीक है, जबकि जटायु का बलिदान अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और कर्तव्य निभाने का संदेश देता है।

18 अक्टूबर को शबरी उद्धार और लंका दहन का मंचन

संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि 18 अक्टूबर को होने वाली रामलीला में शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, माता सीता की खोज, हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन के प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। इन दृश्यों में भगवान राम और सुग्रीव की मित्रता, हनुमान जी की अटूट भक्ति और लंका दहन के रोमांचक दृश्य प्रमुख आकर्षण रहेंगे। दर्शकों को इन प्रसंगों के माध्यम से रामायण की कथा को आगे बढ़ते हुए देखने का अवसर मिलेगा।

21 वर्षों से रामलीला का आयोजन कर रही कमेटी

मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा पिछले 21 वर्षों से विजय महोत्सव के अंतर्गत रामलीला का आयोजन कर रही है। कमेटी का प्रयास रहता है कि हर वर्ष मंचन में नवीनता के साथ दर्शकों को बेहतर अनुभव प्रदान किया जाए। इस वर्ष भी रामलीला के साथ भव्य मेले का आयोजन किया गया है, जहां खानपान के विभिन्न स्टॉल, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, बच्चों के लिए झूले, सर्कस, जादू और मनोरंजन के अन्य साधन उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन के सहयोग से व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि लोग परिवार के साथ मेले और रामलीला का आनंद ले सकें।

कार्यक्रम में अध्यक्ष मनजीत सिंह, महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना, धर्मपाल भाटी, हरेन्द्र भाटी, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, उमंग, दीपक भाटी, राहुल नंबरदार, प्रभाकर देशमुख, विकास आर्य, रिंकू आर्य और प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।