जेवर किशोर हत्याकांड: प्रशासन पर सवाल, ग्रामीणों ने उठाई सीबीआई जांच की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (27/05/2026): जेवर क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सटे बनवारीवास गांव में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। करीब 15–16 वर्षीय किशोर का शव रोही गांव के पास मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए थे, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाने की बात कही थी।
इस मामले को लेकर कुलदीप शर्मा ने प्रशासन और सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है, यह सवाल जनता के सामने आना चाहिए। कुलदीप शर्मा ने कहा कि एक नाबालिग की बेरहमी से हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “बुलडोजर और एनकाउंटर नीति केवल चुनिंदा मामलों में ही क्यों दिखाई देती है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यदि मामला किसी विशेष समुदाय से जुड़ा होता तो प्रशासन तत्काल सख्त कार्रवाई करता। इसे भेदभावपूर्ण रवैया बताते हुए उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की। कुलदीप शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि परिवार को न्याय नहीं मिला तो वे बड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे।
इधर, राष्ट्रीय गौ रक्षा सेना परिषद के कार्यकर्ताओं ने बनवारीवास पहुंचकर प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़े सिंग्गा पंडित ने कहा कि गोपाल शर्मा को न्याय दिलाने के लिए संगठन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रदर्शन के दौरान “गोपाल को न्याय दो” और “हत्यारों को फांसी दो” जैसे नारे लगाए गए।
सिंग्गा पंडित ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
टेन न्यूज नेटवर्क की टीम इस मामले में पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम में अब तक हुई जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस की ओर से जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई पर आधिकारिक बयान जारी किए जाने की संभावना है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।