ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं पर “चाय पर चर्चा” में मंथन, नागरिकों ने रखीं समस्याएं | Ten News Network
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West (26/05/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी के बीच ट्रैफिक जाम, मेट्रो कनेक्टिविटी, सार्वजनिक परिवहन और नगर निगम जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी अब गंभीर मुद्दा बनती जा रही है। रविवार को टेन न्यूज नेटवर्क द्वारा आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में क्षेत्र की नागरिक समस्याओं, अव्यवस्थित शहरी विकास और प्रशासनिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में शामिल समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बेहतर ट्रांसपोर्ट सिस्टम, ट्रैफिक प्रबंधन, नगर निगम गठन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस नेता अजय चौधरी ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था, मेट्रो कनेक्टिविटी और नगर निगम जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश को सबसे अधिक राजस्व देने वाले इस क्षेत्र को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के अनुसार सार्वजनिक परिवहन, ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके।
रश्मि पांडे ने कहा कि नोएडा एक्सटेंशन में घर खरीदना हर मध्यमवर्गीय परिवार का सपना होता है, लेकिन यहां बसने के बाद लोगों को ट्रैफिक, मेट्रो, स्कूल, अस्पताल और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केवल सरकार या अथॉरिटी को दोष देने से समाधान नहीं निकलेगा, बल्कि नागरिकों को भी पानी-बिजली बचाने और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होना होगा।
गौतमबुद्ध नगर विकास समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अधिकांश समस्याओं की जड़ खराब प्लानिंग है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उचित योजना के बिल्डरों को बड़े पैमाने पर परियोजनाएं आवंटित कर दी गईं, जिसके कारण आज ट्रैफिक जाम, धूल, अव्यवस्थित निर्माण और परिवहन संकट जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले चुकी हैं। उन्होंने मांग की कि अंडरपास और सड़क परियोजनाओं के कार्यों की स्पष्ट समयसीमा तय की जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन की धीमी प्रगति पर भी चिंता जताई।
कंसल्टेंट अमित कुमार लोहिया ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में न तो पर्याप्त सरकारी बस सेवाएं हैं और न ही मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। रोजाना नौकरी और पढ़ाई के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

रागाटेक म्यूजिक संस्था की संचालिका रक्षा त्रिपाठी ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से क्षेत्र की समस्याओं को करीब से देख रही हैं। उन्होंने बताया कि बिजली, पानी, ट्रैफिक जाम और पुलिस बैरिकेडिंग जैसी समस्याएं लोगों को रोजाना परेशान कर रही हैं। साथ ही आवारा कुत्तों का मुद्दा भी गंभीर होता जा रहा है, जिससे छोटे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इन जमीनी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए।
निजी स्कूल की शिक्षिका भारती भटीजा ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है, लेकिन आज भी मध्यम वर्ग के लिए सरकारी अस्पतालों और अच्छे सरकारी स्कूलों जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि लोगों के पास केवल महंगे प्राइवेट स्कूलों और अस्पतालों का विकल्प बचा है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की।
जोगी फाउंडेशन के संस्थापक रोहित कुमार जोगी ने “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम समाज की समस्याओं को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में पेड़-पौधे तो लगाए जा रहे हैं, लेकिन उनके संरक्षण की उचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्राधिकरण से पर्यावरण संरक्षण को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की।
नेकी का डब्बा फाउंडेशन के संस्थापक गिरीश चंद्र शुक्ला ने कहा कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग ट्रांसपोर्ट, मेट्रो और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम दिखाई नहीं देता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले चुनावों में लोग अपने प्रतिनिधियों को बदलने पर विचार कर सकते हैं।

समाजसेवी पवन कुमार शर्मा ने कहा कि माली साहब पिछले 25 वर्षों से ग्रेटर नोएडा के निवासियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट आज भी ट्रांसपोर्ट, मेट्रो, ट्रैफिक जाम, सरकारी अस्पताल और सरकारी स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। साथ ही बढ़ते प्रदूषण और खराब AQI की समस्या भी यहां के लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।
गणित शिक्षक एवं समाजसेवी एसपी यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से आबादी बढ़ रही है, लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब भी बड़ी कमी है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय, बड़े सरकारी अस्पताल, यूनिवर्सिटी, IIT, मेडिकल कॉलेज और एम्स जैसे संस्थानों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यदि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट यहां आ सकते हैं, तो शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की स्थापना होनी चाहिए।
टेन न्यूज नेटवर्क के पीआरओ सुनील कुमार द्विवेदी तथा संस्थापक गजानन माली ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं को सरकार और संबंधित प्राधिकरणों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में अजय चौधरी (कांग्रेस जिलाध्यक्ष), रश्मि पांडे (अध्यक्ष, गौतमबुद्ध नगर विकास समिति), अनूप कुमार सोनी (सचिव, गौतमबुद्ध नगर विकास समिति), अमित कुमार लोहिया (कंसल्टेंट), रक्षा त्रिपाठी (संचालिका, रागाटेक म्यूजिक संस्था), भारती भटीजा (शिक्षिका, निजी स्कूल), रोहित कुमार जोगी (संस्थापक, जोगी फाउंडेशन), गिरीश चंद्र शुक्ला (संस्थापक, नेकी का डब्बा फाउंडेशन), पवन कुमार शर्मा (समाजसेवी), एसपी यादव (गणित शिक्षक एवं समाजसेवी), सुनील कुमार द्विवेदी (पीआरओ, टेन न्यूज नेटवर्क) तथा गजानन माली (संस्थापक, टेन न्यूज नेटवर्क) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।