“आप” विधायक नरेश यादव की कुरान बेअदबी मामले पर केजरीवाल की चुप्पी के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (04 दिसंबर 2024): दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने “आप” विधायक नरेश यादव द्वारा 2016 में कुरान की बेअदबी के मामले में दोषी ठहराए जाने के बावजूद आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चुप्पी के विरोध में केजरीवाल के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे अपने विधायक को बचाने के लिए अदालतों में महंगे वकीलों का सहारा लेकर न्याय प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनिस अब्बासी ने किया। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, भाजपा नेता सरदार अरविंदर सिंह लवली और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन में मुसलमान समाज के प्रतिनिधियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नरेश यादव को मलेरकोटला की अदालत द्वारा दो साल की सजा सुनाई गई है, जिसके बाद उन्हें तुरंत विधानसभा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। लेकिन केजरीवाल ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे न केवल नरेश यादव बल्कि अन्य विवादित नेताओं जैसे सत्येंद्र जैन, नरेश बाल्यान और वैभव कुमार को भी संरक्षण दे रहे हैं।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है। अगर भाजपा का कोई नेता ऐसा अपराध करता, तो विपक्षी दलों का विलाप चरम पर होता। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने मुसलमानों की भावनाओं का अपमान किया है, और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका परिणाम भुगतना होगा।
सरदार अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की चुप्पी और उनकी सरकार की निष्क्रियता ने साबित कर दिया है कि “आप” पार्टी मुस्लिम समाज को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुसलमान आगामी चुनावों में इस अपमान का बदला लेंगे।
अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनिस अब्बासी ने कहा कि दिल्ली के मुसलमान अरविंद केजरीवाल के विधायक से खफा हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक नरेश यादव को पार्टी से बर्खास्त नहीं किया जाता, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। अनिस अब्बासी ने कहा कि “आप” की दोहरी नीति ने मुसलमानों को निराश किया है, और अब समाज उनके खिलाफ एकजुट होगा।
आतिफ रशीद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की बात करते हैं, जबकि अरविंद केजरीवाल जैसे नेता अल्पसंख्यक समाज का अपमान करने में पीछे नहीं हटते। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार का यह रवैया पाखंडी है और इसे समाज कभी माफ नहीं करेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर केजरीवाल की चुप्पी उनके पतन का कारण बनेगी। दिल्ली की जनता, विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय, आगामी विधानसभा चुनावों में इसका जवाब वोट के जरिए देगा।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।