भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति पर सीएम योगी की हाईलेवल बैठक, बोले बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं
टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (25/05/2026): उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए प्रदेश में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की मौजूदगी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग, पावर कॉरपोरेशन और सभी डिस्कॉम अधिकारियों को आमजन, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को बिना बाधा बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गर्मी के इस चुनौतीपूर्ण दौर में बिजली व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने उत्पादन इकाइयों की अधिकतम क्षमता के उपयोग और ट्रांसमिशन नेटवर्क की लगातार मॉनिटरिंग पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 13,388 मेगावाट हो गई है। वहीं गैर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों से करीब 10 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने बिजली वितरण व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने, फीडर बाधित होने या शिकायत निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने फील्ड स्तर पर त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि अप्रैल और मई में तापमान बढ़ने के कारण बिजली की मांग में लगातार वृद्धि हुई है। 15 अप्रैल से 22 मई के बीच औसत डिमांड 501 मिलियन यूनिट प्रतिदिन से बढ़कर 561 मिलियन यूनिट प्रतिदिन हो गई, जबकि पीक डिमांड 30,339 मेगावाट तक पहुंच गई।
मुख्यमंत्री योगी ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए दीर्घकालिक ऊर्जा रणनीति तैयार करने और बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही स्मार्ट मीटर व्यवस्था को उपभोक्ता हितैषी बनाने और शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिजली आपूर्ति केवल तकनीकी विषय नहीं बल्कि किसानों की सिंचाई, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।