“राजस्व में नंबर-1, सुविधाओं में पीछे क्यों?” ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं पर कांग्रेस नेता अजय चौधरी ने उठाए सवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida West (25/05/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी के बीच ट्रैफिक जाम, मेट्रो कनेक्टिविटी, सार्वजनिक परिवहन और नगर निगम जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी अब गंभीर मुद्दा बनती जा रही है। रविवार को टेन न्यूज नेटवर्क द्वारा आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में क्षेत्र की नागरिक समस्याओं, अव्यवस्थित शहरी विकास और प्रशासनिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में शामिल समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बेहतर ट्रांसपोर्ट सिस्टम, ट्रैफिक प्रबंधन, नगर निगम गठन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए कांग्रेस के संस्थापक जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा और आसपास के क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है और यहां देश-विदेश के लोग निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को सबसे अधिक राजस्व देने वाले इस क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी चिंता का विषय है। उन्होंने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आम जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।

अजय चौधरी ने बताया कि वह खैरपुर गुर्जर गांव के निवासी हैं और उनका आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल डी पार्क के पास स्थित है। उन्होंने जिले और प्राधिकरणों के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय निवासी होने के नाते वह वर्षों से यहां की समस्याओं को करीब से देखते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले यह पूरा इलाका खेती प्रधान था और छिजारसी, गढ़ी तथा बहलोलपुर क्षेत्र खरबूजे की खेती के लिए प्रसिद्ध थे।

उन्होंने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो परियोजना को सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गौर चौक, जिसे चार मूर्ति के नाम से भी जाना जाता है, वहां निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। जाम की समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई बार लोगों की फ्लाइट और ट्रेन तक छूट जाती हैं, वहीं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

पुलिस व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्त संवेदनशील और ईमानदार अधिकारी हैं, लेकिन ट्रैफिक प्रबंधन में अभी और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक कर्मियों को जाम की स्थिति पर अधिक गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जून के पहले या दूसरे सप्ताह तक ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 तक मेट्रो परियोजना को अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है।

अजय चौधरी ने नगर निगम गठन की मांग उठाते हुए कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में नगर निगम व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोगों को जन्म प्रमाण पत्र, पानी, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए भटकना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण आम जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है और पंचायत व्यवस्था समाप्त होने के बाद लोगों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि जब प्रदेश और केंद्र के शीर्ष नेता लगातार इस क्षेत्र का दौरा करते हैं, तो यहां नगर निगम की स्थापना भी की जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक बस सेवा की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में बसें ना के बराबर दिखाई देती हैं, जबकि कागजों में उनके संचालन का दावा किया जाता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बुजुर्गों को सरकारी सुविधाओं और अधिकारों का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

गौ संरक्षण और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूम रही गौमाताओं के लिए पानी और चारे की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़े प्रतिष्ठानों और संपन्न लोगों को भी इस दिशा में सहयोग करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि कई मार्ग अब तक अधूरे पड़े हैं, जिससे हादसे हो चुके हैं और लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में अजय चौधरी (कांग्रेस संस्थापक जिलाध्यक्ष), रश्मि पांडे (अध्यक्ष, गौतमबुद्ध नगर विकास समिति), अनूप कुमार सोनी (सचिव, गौतमबुद्ध नगर विकास समिति), अमित कुमार लोहिया (कंसल्टेंट), रक्षा त्रिपाठी (संचालिका, रागाटेक म्यूजिक संस्था), भारती भटीजा (शिक्षिका, निजी स्कूल), रोहित कुमार जोगी (संस्थापक, जोगी फाउंडेशन), गिरीश चंद्र शुक्ला (संस्थापक, नेकी का डब्बा फाउंडेशन), पवन कुमार शर्मा (समाजसेवी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट), एसपी यादव (गणित शिक्षक एवं समाजसेवी), सुनील कुमार द्विवेदी (पीआरओ, टेन न्यूज नेटवर्क) तथा गजानन माली (संस्थापक, टेन न्यूज नेटवर्क) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।