घर के जिम्मेदारियों से समाजसेवा तक: रश्मी पांडे ने उठाए नोएडा एक्सटेंशन की समस्याओं के मुद्दे | चाय पर चर्चा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West (24/05/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी के बीच ट्रैफिक जाम, मेट्रो कनेक्टिविटी, सार्वजनिक परिवहन और नगर निगम जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी अब गंभीर मुद्दा बनती जा रही है। रविवार को टेन न्यूज नेटवर्क द्वारा आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में क्षेत्र की नागरिक समस्याओं, अव्यवस्थित शहरी विकास और प्रशासनिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में शामिल समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने बेहतर ट्रांसपोर्ट सिस्टम, ट्रैफिक प्रबंधन, नगर निगम गठन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की सदस्य रश्मी पांडे ने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से गौतम बुद्ध नगर क्षेत्र में रह रही हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का सपना अपना घर होने का होता है। इसी सपने के साथ उन्होंने भी नोएडा एक्सटेंशन में फ्लैट खरीदा था। मध्यमवर्गीय परिवार से होने के कारण उन्हें उम्मीद थी कि अपना घर मिलने के बाद जीवन आसान हो जाएगा, लेकिन असली संघर्ष उसके बाद शुरू हुआ।
उन्होंने बताया कि आम्रपाली प्रोजेक्ट में लोगों के घर फंसने के दौरान वह लगातार आंदोलन और संघर्ष का हिस्सा रहीं। उस समय उनकी बेटी महज छह महीने की थी, फिर भी वह उसे गोद में लेकर किसान चौक पर प्रदर्शन में शामिल होती थीं। उन्होंने कहा कि संघर्ष की यह यात्रा आज तक जारी है और अब उनकी बेटी 12वीं कक्षा पूरी कर चुकी है। वर्षों के इंतजार के बाद घर का पजेशन मिलने को उन्होंने भगवान राम के वनवास के बाद अयोध्या लौटने जैसा सुख बताया।
रश्मी पांडे ने कहा कि, घर मिलने के बाद क्षेत्र की दूसरी समस्याएं सामने आने लगीं। उन्होंने ट्रैफिक जाम को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि अस्पतालों और स्कूलों की कमी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्कूलों की बढ़ती फीस से अभिभावक परेशान हैं, जबकि शिक्षकों को उनकी मेहनत के अनुसार वेतन नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मेट्रो कनेक्टिविटी का अभाव भी बड़ी चुनौती है। साथ ही बिल्डरों द्वारा की जा रही अत्यधिक खुदाई पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि लोग हमेशा किसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में बड़े खतरे की आशंका में रहते हैं। उन्होंने भूजल स्तर में लगातार गिरावट और RO के पानी की बर्बादी का मुद्दा भी उठाया।
रश्मी पांडे ने बताया कि उन्होंने अपने घर में एक अलग टैंक लगवाया है, जिसमें RO का बेकार पानी एकत्र किया जाता है और उसका उपयोग अन्य घरेलू कार्यों में किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग इस दिशा में छोटे-छोटे प्रयास करें तो भविष्य में पानी की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बढ़ते तापमान, प्रदूषण और वाहनों की संख्या को भी चिंता का विषय बताया।
उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए लोगों को खुद भी अनुशासित होना होगा। बिजली और पानी बचाने जैसी बातें सभी स्कूलों में सीखते हैं, लेकिन लोग उन्हें व्यवहार में नहीं अपनाते। केवल सरकार और अथॉरिटी को जिम्मेदार ठहराने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
उन्होंने बताया कि गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के माध्यम से वे लगातार क्षेत्र की समस्याओं को अथॉरिटी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उनका संगठन केवल हाईराइज सोसाइटी की समस्याओं तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों, मजदूरों और श्रमिक परिवारों के मुद्दों को भी उठाता है। उन्होंने कहा कि जो मजदूर शहर में लोगों के घर बना रहे हैं, उनके बच्चों की शिक्षा और जीवन स्तर पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
रश्मी पांडे ने कहा कि समाज में छोटे-छोटे मानवीय व्यवहार भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि धूप में खड़े गार्ड और चौकीदारों को लोग पानी तक नहीं पूछते। दूसरों पर सवाल उठाने से पहले लोगों को अपने व्यवहार और जिम्मेदारियों पर भी ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए उन्होंने गजानन माली का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।
इस “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में अजय चौधरी (कांग्रेस संस्थापक जिला अध्यक्ष), रश्मी पांडे (अध्यक्ष, गौतम बुद्ध नगर विकास समिति), अनूप कुमार सोनी (सचिव, गौतम बुद्ध नगर विकास समिति), अमित कुमार लोहिया (कंसल्टेंट), रक्षा त्रिपाठी (संचालिका, रागाटेक म्यूजिक संस्था), भारती भटीजा (शिक्षिका), रोहित कुमार जोगी (संस्थापक, जोगी फाउंडेशन), गिरीश चंद्र शुक्ला (संस्थापक, नेकी का डब्बा फाउंडेशन), पवन कुमार शर्मा (समाजसेवी), एसपी यादव (गणित शिक्षक एवं समाजसेवी), सुनील कुमार द्विवेदी (पीआरओ, टेन न्यूज नेटवर्क) और गजानन माली (संस्थापक, टेन न्यूज नेटवर्क) सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।