नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 25-25 हजार के दो इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (23/05/2026): फेज-वन थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे और इनके ऊपर एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी, लूटपाट और विरोध करने वालों पर जानलेवा हमला करने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर के पास शनिवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों मौके से भागने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान बिहार के अररिया जिले के चिरोहट गांव निवासी अनस और अमन के रूप में हुई। अनस वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में रह रहा था, जबकि अमन नोएडा के सेक्टर-45 स्थित सदरपुर कॉलोनी में ठिकाना बनाए हुए था।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वे पिछले कई महीनों से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, जिसके चलते पुलिस को उनकी तलाश में काफी समय से दबिश देनी पड़ रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अनस इस गिरोह का सरगना है और वह अपने साथी अमन के साथ मिलकर एनसीआर में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह विशेष रूप से वाहन चोरी, राहगीरों से लूटपाट और विरोध करने वालों पर हिंसक हमला करने के मामलों में सक्रिय था। दोनों आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति के हैं और कई बार गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदल चुके हैं।
रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि गिरोह के मुखिया अनस के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी अमन पर छह संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से वाहन चोरी और लूट की कई वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। साथ ही इनके अन्य साथियों की तलाश में भी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।