दहेज प्रथा और सामाजिक हिंसा के खिलाफ आर्य समाज का बड़ा अभियान

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/05/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर में सामाजिक जागरूकता और वैदिक संस्कृति के प्रसार को लेकर आर्य प्रतिनिधि सभा की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वर्षा ऋतु के चार महीनों के दौरान व्यापक स्तर पर चतुर्वेद पारायण यज्ञ और दहेज विरोधी जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में बढ़ती कुरीतियों, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और युवाओं में बढ़ती आक्रामक मानसिकता के प्रति चेतना पैदा करना है।

सभा की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राकेश कुमार आर्य ने कहा कि वर्तमान समय में समाज अनेक गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध चिंता का विषय बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों के कमजोर होने से युवाओं का झुकाव गलत दिशा की ओर बढ़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में वैदिक विचारधारा और भारतीय संस्कृति ही समाज को सकारात्मक मार्ग दिखा सकती है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पूरे जनपद को चार अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र में चारों वेदों के आधार पर विशेष यज्ञ और वैदिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ा जा सके।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिकता और सामाजिक सुधार का माध्यम है। भाषा प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष आर्य सागर खारी ने कहा कि आज समाज में बढ़ती हिंसा और पारिवारिक विघटन के पीछे संस्कारों की कमी बड़ी वजह बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज को सामूहिक रूप से आगे आना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि दहेज जैसी कुप्रथा केवल परिवारों को ही नहीं तोड़ती, बल्कि सामाजिक संतुलन को भी कमजोर करती है। ऐसे में युवाओं को वैदिक शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

यह अभियान आर्य समाज की वेद प्रचारिणी सभा, धर्म आर्य सभा और पुरोहित सभा के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रमों में विभिन्न विद्वानों, धर्माचार्यों और सामाजिक चिंतकों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जो समाज सुधार और वैदिक जीवन पद्धति पर अपने विचार रखेंगे। बैठक में प्रधान विजेंद्र सिंह आर्य, वीरेश आर्य, रंगीलाल आर्य, पंडित धर्मवीर आर्य, महावीर सिंह आर्य, महेंद्र सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह आर्य, रामप्रसाद आर्य, धनीराम शास्त्री, सत्यवीर आर्य और विपिन आर्य समेत बड़ी संख्या में आर्य समाज से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।