श्रमिक आंदोलन की आड़ में हिंसा: सेक्टर-63 में वाहनों को फूंकने वाला आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (23/05/2026): नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र में अप्रैल महीने के दौरान हुए श्रमिक आंदोलन के समय आगजनी और उपद्रव की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मजदूरों को भड़काने, हिंसक भीड़ का हिस्सा बनने और कई वाहनों में आग लगाने का गंभीर आरोप है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 13 अप्रैल 2026 को विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रमिकों और मजदूरों ने प्रदर्शन किया था। आंदोलन के दौरान कई स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी और हिंसा, तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी। इसी क्रम में सेक्टर-63 स्थित विपुल मोटर्स के बाहर खड़े कई चार पहिया और दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया गया था।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मौके से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि भीड़ को उग्र बनाने में नरेश कुमार की सक्रिय भूमिका थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश कुमार पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से Fatehpur जिले के जैतीखेड़ा गांव का रहने वाला है और फिलहाल सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के चोटपुर इलाके में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि घटना वाले दिन आरोपी सेक्टर-63 स्थित महावीरा कंपनी परिसर पहुंचा था। वहां उसने कर्मचारियों और मजदूरों को प्रदर्शन और हड़ताल के लिए उकसाया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए भीड़ के साथ बाहर निकला और विपुल मोटर्स के पास पहुंचकर उपद्रव में शामिल हो गया। आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से पार्किंग में खड़े वाहनों को निशाना बनाया। इस दौरान लोहे के पाइप और अन्य वस्तुओं से वाहनों में तोड़फोड़ की गई तथा बाद में कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। आगजनी की वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नरेश कुमार महावीरा कंपनी में टेलर के पद पर कार्यरत था। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि वह पहले हरियाणा के Manesar में हुए चर्चित श्रमिक आंदोलन में भी शामिल रह चुका है। उसके मोबाइल फोन से श्रमिक यूनियन से संबंधित दस्तावेज, संपर्क विवरण और अन्य अभिलेख बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन छिपाने का प्रयास कर रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल नंबर दूसरी टेलीकॉम कंपनी में पोर्ट करा लिया था ताकि पुलिस उसकी गतिविधियों तक आसानी से न पहुंच सके। हालांकि तकनीकी निगरानी और लगातार की जा रही छानबीन के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस पूरी हिंसक घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।