सोनिया गांधी के बयान पर मचा बवाल!, माफी मांगे सोनिया गांधी: रवि रौशन, बीजेपी नेता
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (01 फरवरी 2025): बिहार बीजेपी के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रौशन ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर कांग्रेस ने अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी से तुरंत माफी मांगने की मांग की और कहा कि यह न केवल राष्ट्रपति का, बल्कि पूरे आदिवासी और महिला समाज का भी अपमान है।
रवि रोशन ने कहा कि बजट सत्र की शुरुआत में राष्ट्रपति द्वारा देश के विकास और सरकार की उपलब्धियों को लेकर दिया गया भाषण महत्वपूर्ण था। उन्होंने सरकार की योजनाओं और भविष्य की आर्थिक वृद्धि को लेकर अपने विचार साझा किए, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उनके प्रति जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से महिला विरोधी रही है और यह उनकी सोच को दर्शाता है।
बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जिस पार्टी की प्रमुख खुद एक महिला हैं, अगर वही महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल करेंगी, तो यह उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार भारतीय लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम किया है और यह बयान उसी मानसिकता का हिस्सा है।
रवि रोशन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अपमान केवल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज और महिला समाज का है। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण की दिशा में यह सरकार लगातार काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस का रवैया इसके विपरीत नजर आता है।
अंत में, बीजेपी नेता ने कांग्रेस से इस आपत्तिजनक बयान पर तत्काल माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को देश की जनता और लोकतांत्रिक मूल्यों की जरा भी परवाह है, तो उन्हें अपने इस बयान के लिए खेद व्यक्त करना चाहिए। रवि रौशन ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस ने जल्द ही माफी नहीं मांगी, तो जनता इसका जवाब चुनाव में जरूर देगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।