लोटपोट के ‘सम्पत चम्पत’ अब POGO पर, बच्चों को मिलेगा हंसी का नया डोज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20 मई 2026): बच्चों के मनोरंजन की दुनिया में एक नया और मजेदार अध्याय जुड़ गया है। मशहूर बच्चों के चैनल POGO पर 18 मई से नए 3D एनिमेटेड शो “सम्पत चम्पत” का शानदार आगाज़ हो चुका है। यह शो भारत की लोकप्रिय कॉमिक पत्रिका Lotpot के चर्चित किरदारों पर आधारित है, जिन्हें अब पहली बार टीवी स्क्रीन पर एनिमेटेड अंदाज़ में पेश किया गया है।

करीब 40 वर्षों से अपनी मजेदार हरकतों और कॉमिक अंदाज़ से पाठकों का मनोरंजन करने वाले “सम्पत चम्पत” अब बच्चों के साथ-साथ पूरे परिवार को हंसी और रोमांच से भरपूर मनोरंजन देने के लिए तैयार हैं। 3D एनिमेशन के जरिए इन किरदारों को नए और आकर्षक रूप में दिखाया गया है, जिससे पुरानी यादों के साथ नया मनोरंजन भी जुड़ गया है।

शो के निर्माता और लोटपोट कॉमिक्स के प्रकाशक Aman Bajaj ने कहा कि “सम्पत चम्पत” पिछले चार दशकों से लोटपोट परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं और अब उन्हें टीवी पर देखना बेहद गर्व और खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि लोटपोट की दुनिया ने पहले भी “मोटू पतलू” और “शेखचिल्ली एंड फ्रेंड्स” जैसे लोकप्रिय किरदार दिए हैं और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इस नए शो को भी खूब प्यार देंगे।

वहीं, लोटपोट कॉमिक्स के सीएमओ और शो के निर्माता Shivank Arora ने इसे अपने करियर का खास प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों की मेहनत अब दर्शकों के सामने है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शो बच्चों के बीच नई पहचान बनाएगा और रिकॉर्ड सफलता हासिल करेगा।

कॉमिक लेखक और चित्रकार Dr. Harvinder Mankar ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने “सम्पत चम्पत” को 40 साल पहले बनाया था और आज इसे एक बड़े मंच पर एनिमेशन के रूप में देखना बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। उनके अनुसार शो उम्मीद से कहीं ज्यादा बेहतर बना है और दर्शकों को जरूर पसंद आएगा।

‘पोगो’ हमेशा भारतीय कहानियों और देसी किरदारों को बच्चों तक मजेदार अंदाज़ में पहुंचाने के लिए जाना जाता है। “सम्पत चम्पत” भी इसी दिशा में एक नया कदम माना जा रहा है। शानदार एनिमेशन, हल्की-फुल्की कॉमेडी और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर यह शो आने वाले दिनों में बच्चों का पसंदीदा बन सकता है।

बता दें कि “सम्पत चम्पत” हर सुबह 10:30 बजे POGO पर प्रसारित किया जा रहा है, जहां बच्चे और पूरा परिवार मिलकर हंसी और शरारत से भरे इस नए शो का आनंद उठा सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।