सदर बाजार में एमसीडी का बुलडोजर एक्शन, 20 दुकानों के आगे से हटाया अवैध निर्माण
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (28 August 2026): दिल्ली के व्यस्त सदर बाजार में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ एमसीडी ने बड़ी कार्रवाई की है। तेलीवाड़ा इलाके में बुधवार को निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची और अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान करीब 15 से 20 दुकानों के सामने बनाए गए अवैध निर्माण, टीन शेड और खोखे बुलडोजर की मदद से हटा दिए गए। कार्रवाई के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा।
एमसीडी की यह कार्रवाई स्थानीय दुकानदारों और अवैध रेहड़ी-पटरी वालों के बीच विवाद के बाद सामने आई। आरोप है कि अवैध रूप से कारोबार करने वाले कुछ रेहड़ी-पटरी वालों ने प्रताप मार्केट के अध्यक्ष सुरेश जैन समेत अन्य दुकानदारों के साथ बदसलूकी की थी। घटना के विरोध में दुकानदारों ने बुधवार को कुछ घंटे प्रताप मार्केट बंद रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (फेस्टा) ने पुलिस और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
सदर बाजार में अतिक्रमण का मुद्दा नया नहीं है। बहादुरगढ़ रोड, कुतुब रोड और बारा टूटी चौक समेत कई हिस्सों में सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जे के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इससे बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे पहले निगम की ओर से इन इलाकों में कार्रवाई की गई थी, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण कुछ समय बाद दोबारा अतिक्रमण की समस्या सामने आती रही है।
फेस्टा के महामंत्री राजेंद्र शर्मा ने दुकानों के आगे से टीन शेड और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई को सही कदम बताया, लेकिन उन्होंने सड़क और फुटपाथ पर कब्जा करने वाले रेहड़ी-पटरी वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि केवल एक-दो दिन की कार्रवाई से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि नियमित निगरानी और सख्त प्रवर्तन जरूरी है। अब देखना होगा कि एमसीडी की यह कार्रवाई सदर बाजार में अतिक्रमण और यातायात की समस्या को स्थायी रूप से कम करने में कितनी प्रभावी साबित होती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।