Greater Noida News (20/05/2026): ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस जांच लगातार तेज होती जा रही है। अब इस चर्चित दहेज हत्या कांड में मृतका के चचेरे ससुर विनोद की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस का मानना है कि इस वारदात में परिवार के कई लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। इससे पहले पुलिस मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तीसरे आरोपी के रूप में विनोद की गिरफ्तारी को जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस फरार नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट में शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों की पुष्टि हुई है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि मौत से पहले उसके साथ गंभीर हिंसा हुई थी। डॉक्टरों के अनुसार दीपिका के चेहरे के दाहिने हिस्से पर बड़ा गहरा कंट्यूजन मिला है। इसके अलावा हाथों, कोहनी, फोरआर्म और शरीर के कई हिस्सों पर चोट तथा दबाव के निशान पाए गए। बाएं कान से रक्तस्राव होने का भी उल्लेख रिपोर्ट में किया गया है। सबसे गंभीर चोट दाहिनी जांघ पर मिली, जहां बड़ा नीला दबाव चिन्ह पाया गया। वहीं बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव मिला है। कमर और पेट के निचले हिस्से में भी गंभीर चोटों के निशान दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है।
मृतका के परिजनों ने शुरुआत से ही ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि दीपिका को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। अब लगातार हो रही गिरफ्तारियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले चोटों के विवरण ने परिजनों के आरोपों को और बल दिया है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अब तक तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।