दिल्ली में महिलाओं की बल्ले – बल्ले, बिना गारंटी 10 करोड़ तक का लोन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (18 May 2026): दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला स्टार्टअप्स के लिए 10 करोड़ तक के बिना गारंटी वाले लोन की व्यवस्था करने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि इस कोलैटरल-फ्री लोन की गारंटी खुद दिल्ली सरकार लेगी, जिससे महिलाओं को कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने में बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी की महिलाओं को उद्यमिता से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

उत्तर पश्चिम दिल्ली के रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित यूनिटी वन मॉल में आयोजित दो दिवसीय ‘मेगा सेल्फ हेल्प ग्रुप मेला-2026’ के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ विजन को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा बनाए गए घरेलू, हस्तनिर्मित और स्वदेशी उत्पादों को बाजार से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इसी उद्देश्य से सरकार अब बड़े मॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों में भी स्थानीय उत्पादों को नियमित मंच उपलब्ध कराएगी, ताकि महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर बाजार मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की महिलाएं घरों में रहकर छोटे उद्योग, हस्तशिल्प, खादी, क्रोशिया कार्य और घरेलू उत्पादों के जरिए न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय हस्तनिर्मित वस्तुएं गुणवत्ता के मामले में किसी से कम नहीं हैं, लेकिन उन्हें बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग की जरूरत है। उन्होंने लोगों से विदेशी वस्तुओं के बजाय स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि भारत अब रक्षा, कृषि, अंतरिक्ष और विनिर्माण के साथ-साथ घरेलू उद्योगों में भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Women

मेगा एसएचजी मेले में करीब 24 स्वयं सहायता समूहों ने हिस्सा लिया, जहां हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री, खादी और अन्य घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के तहत उत्तर पश्चिम जिले के हस्तशिल्प उत्पादों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं को आसान बैंकिंग और वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न बैंकों को मेले में शामिल किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘मंडे मेट्रो’ और ‘नो व्हीकल डे’ जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने की बात कही, ताकि सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा मिल सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।