नेब सराय में एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या पर “आप” का विरोध प्रदर्शन, भाजपा पर साधा निशाना
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (04 दिसंबर 2024): दिल्ली में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। “आप” विधायकों ने भाजपा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह फेल हो चुकी है।
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में अपराध तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार सुबह नेबसराय में एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की दर्दनाक घटना सामने आई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कहीं गोलियां चल रही हैं, तो कहीं खुलेआम चाकू से हत्या हो रही है। दो महीने में दिनदहाड़े दो पुलिसकर्मियों का कत्ल हो चुका है। भाजपा की केंद्र सरकार, जो दिल्ली की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है, इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह नाकाम रही है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक और कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आज दिल्ली क्राइम कैपिटल बन चुकी है। कोई ऐसा दिन नहीं जाता जब मर्डर, चोरी या किसी व्यापारी पर हमले की खबरें न आएं। महिलाएं और व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों का आतंक बढ़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार चुप बैठी है।
विधायकों ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के लिए अगर दिल्ली की कानून व्यवस्था कोई मुद्दा नहीं है, तो लोग अपनी सुरक्षा की गुहार कहां लगाएं? गोपाल राय ने कहा कि भाजपा को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और बिगड़ती कानून व्यवस्था का जवाब देना चाहिए।
टिप्पणियाँ बंद हैं।