पुलिस दमन और किसान-मजदूर मुद्दों को लेकर किसान सभा का बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (10/05/2026): किसान सभा की मासिक जिला कमेटी की बैठक रविवार को जिला कार्यालय जैतपुर में आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर से पहुंचे किसानों, भूमिहीन किसानों और मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा करतार ने की। बैठक के दौरान किसानों और मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए पुलिस दमन के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसानों और मजदूरों के आंदोलनों को दबाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार दमनात्मक रवैया अपना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब किसान और मजदूर अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उठाते हैं, तब प्रशासन आंदोलनों को कुचलने का प्रयास करता है।
उन्होंने हाल ही में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे मजदूर आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि मजदूर नेता कामरेड गंगेश्वर दत्त शर्मा समेत कई किसान नेताओं को नजरबंद करना पूरी तरह गैर-कानूनी और अलोकतांत्रिक कदम है। किसान सभा इस प्रकार की कार्रवाई का कड़ा विरोध करती है और भविष्य में इसके खिलाफ संगठित संघर्ष किया जाएगा।
किसान सभा के महासचिव संदीप भाटी ने कहा कि क्षेत्र में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित पड़े हैं। उन्होंने बताया कि 10 प्रतिशत प्लॉट का मामला, नए कानूनों को लागू करने की मांग, वेंडिंग जोन की दुकानों का आवंटन और आबादी निस्तारण जैसे विषय आज भी समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। किसान सभा इन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और जल्द ही बड़े स्तर पर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि सरकार की किसान और मजदूर विरोधी नीतियों को जनता के सामने लाने के लिए सभी संगठनों और वर्गों को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत जनआंदोलन के माध्यम से ही किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा संभव है।

सीटू दिल्ली-एनसीआर के अध्यक्ष वीरेंद्र गॉड ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों और मजदूरों पर लगातार आर्थिक और प्रशासनिक दबाव बढ़ रहा है। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जबकि मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी तक से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूर दिवस जैसे कार्यक्रमों को भी रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन सीटू ने संघर्ष करते हुए विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सफलतापूर्वक मई दिवस कार्यक्रम आयोजित किए।
किसान सभा की केंद्रीय कमेटी के सदस्य कामरेड पुष्पेंद्र त्यागी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में किसान-मजदूर एकता को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि संगठित संघर्ष के जरिए ही सरकार की जनविरोधी नीतियों का मुकाबला किया जा सकता है।
सीटू के जिला अध्यक्ष कामरेड गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में पुलिस दमन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में किसान और मजदूर संगठनों को मिलकर संघर्ष तेज करना होगा, ताकि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की जा सके।
बैठक के अंत में पुलिस दमन के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा करने, किसान-मजदूर एकता को मजबूत बनाने और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान निरंकार प्रधान, भोजराज रावल, महेश प्रजापति, शेखर प्रजापति, नरेश नागर, सुशील सुनपुरा, रोहित खानपुर, यतेंद्र मायचा, अशोक भाटी, गुरप्रीत एडवोकेट, भगत सिंह, राहुल नागर, सुरेंद्र यादव, सुधीर, धर्मेंद्र एडवोकेट, तेजपाल प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान और मजदूर कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।