नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर UDF और महंगे टिकटों को लेकर जेवर विधायक की चिंता

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (08/05/2026): जेवर विधानसभा के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट‌ (Noida International Airport) पर प्रस्तावित यूज़र डेवलपमेंट फीस (UDF) एवं अन्य यात्री शुल्कों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव को विस्तृत पत्र भेजा है।

अपने पत्र में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह (Jewar MLA Dhirendra Singh) ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे महत्वाकांक्षी अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और पूरे उत्तर भारत की जनता को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट भविष्य में निवेश, रोजगार, औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बन सकता है, लेकिन प्रारंभिक चरण में प्रस्तावित शुल्क संरचना जनहित के विपरीत प्रतीत हो रही है।

जेवर विधायक ने बताया कि 07 मई 2026 को इंडिगो एयरलाइंस द्वारा आगामी 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होने वाली उड़ानों का शेड्यूल जारी किया गया। प्रारंभिक टिकट दरों के अनुसार लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट तक की उड़ान लगभग ₹5072 दिखाई जा रही है, जबकि इसी अवधि में लखनऊ से दिल्ली एयरपोर्ट तक की उड़ानें लगभग ₹3600 से ₹4300 के बीच उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक वैकल्पिक, आधुनिक और जनसुलभ एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा था। यदि शुरुआत में ही टिकट दरें दिल्ली एयरपोर्ट से अधिक रहेंगी, तो इससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और एयरपोर्ट की प्रतिस्पर्धात्मकता भी प्रभावित होगी।

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने यह भी कहा कि वर्तमान में एयरपोर्ट को पूर्ण मेट्रो, रैपिड रेल और अन्य मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का लाभ नहीं मिल रहा है। NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई यात्रियों को यहां तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ेगा। ऐसे में दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में अधिक UDF और अन्य शुल्क तर्कसंगत नहीं हैं।

 

उन्होंने यह तथ्य भी उठाया कि उत्तर प्रदेश में एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पर कर केवल 1% है, जबकि दिल्ली में यही कर लगभग 25% है। इसके बावजूद यदि टिकट दरें अधिक रखी जाती हैं, तो यह यात्रियों के हितों के खिलाफ होगा। जेवर विधायक ने विमानन विशेषज्ञों और एयरलाइंस द्वारा जताई गई उन आशंकाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें कहा गया है कि अत्यधिक UDF और एयरपोर्ट शुल्कों के कारण टिकट दरों में अनावश्यक बढ़ोतरी होगी। इससे यात्रियों की संख्या, एयरलाइन संचालन और एयरपोर्ट की दीर्घकालिक व्यवहार्यता प्रभावित हो सकती है।

अपने पत्र में विधायक धीरेंद्र सिंह ने मांग की है कि-

1. प्रस्तावित यूज़र डेवलपमेंट फीस (UDF) और अन्य शुल्कों का पुनर्मूल्यांकन कर उन्हें युक्तिसंगत बनाया जाए।

2. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरुआती संचालन वर्षों में यात्री शुल्क और UDF को दिल्ली एयरपोर्ट से कम रखा जाए।

3. एयरपोर्ट को आम नागरिकों के लिए सुलभ और किफायती बनाए रखने के लिए आवश्यक नीति-निर्णय लिए जाएं।

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार जनहित तथा प्रदेश के दीर्घकालिक आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार करेगी। इस संबंध में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों को भी पत्र प्रेषित किया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।