New Delhi News (29 April 2026): राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है, जहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर ड्रोन के जरिए भारत लाए गए अत्याधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में संभावित बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम किया गया है।
स्पेशल सेल की कार्रवाई में जिगाना, ग्लॉक और PX पिस्टल समेत कुल 23 अत्याधुनिक विदेशी हथियार जब्त किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत भेजे गए थे। गिरफ्तार आरोपियों में से कई सीधे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर काम कर रहे थे। इस नेटवर्क का मकसद इन हथियारों को देश के कुख्यात गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों तक पहुंचाना था।
पुलिस जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह का मास्टरमाइंड शहबाज अंसारी है, जो फिलहाल बांग्लादेश में बैठकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। इसके अलावा, टीम ने बिहार के मुंगेर में तैयार किए जा रहे देशी हथियारों और उनके पुर्जों को भी बरामद किया है, जो इस नेटवर्क की जड़ें देश के कई राज्यों तक फैली होने का संकेत देता है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी प्रमोद सिंह कुशवाहा ने पुलिस द्वारा बड़े हथियार सिंडिकेट पर कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 23 हथियार बरामद हुए हैं। पूरा सिंडिकेट शहबाज अंसारी नाम का एक घोषित अपराधी जो सिद्धू मूसेवाला केस में फेमस हो चुका है, ये पकड़ा गया था उसके बाद ये बाहर भाग गया है। इसके साथ इसके चाचा रेहान अंसारी जो मिडिल ईस्ट में कहीं बैठा है। दुबई इसका संदिग्ध स्थान है। ये दोनों मिलकर सिंडीकेट चलाते हैं। ये हथियार 2 जगहों से आते हैं एक पंजाब में ड्रोन से और नेपाल से।”
दिल्ली पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचने की कोशिश जारी है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह कार्रवाई न सिर्फ एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने में सफल रही है, बल्कि इससे संभावित आतंकी और संगठित अपराध गतिविधियों को भी बड़ा झटका लगा है। इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।