डीएम के मार्गदर्शन में IBA का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, श्रमिकों को मिला लाभ

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (28/04/2026): जिला प्रशासन गौतमबुद्ध नगर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) एवं यथार्थ हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन JBJ Technologies Limited (Part of KB Components AB), इकोटेक-3, ग्रेटर नोएडा में किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी मेधा रूपम (IAS) का भारतीय संस्कृति के अनुरूप पारंपरिक विधि से माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ भेंट एवं आरती उतारकर आत्मीय स्वागत किया। अतिथि देवो भव:” की भावना के अनुरूप यह स्वागत समारोह अत्यंत गरिमामय एवं भावपूर्ण रहा।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने शिविर का विधिवत शुभारंभ फीता काटकर किया तथा तत्पश्चात श्रमिकों, कर्मचारियों एवं यथार्थ हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने JBJ Technologies Limited के प्लांट का गहन निरीक्षण करते हुए उत्पादन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों, रोबोटिक असेंबली लाइन तथा कार्यरत कर्मचारियों से सीधे संवाद कर कार्य प्रणाली की सराहना की।

जिलाधिकारी मेधा रूपम का वक्तव्य

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन सदैव श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें नेत्र (मोतियाबिंद) ऑपरेशन, डेंटल सर्जरी, कैंसर एवं टीबी की स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल होंगी। साथ ही श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, डिजिटल साक्षरता एवं बैंकिंग जागरूकता के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय के द्वार सदैव श्रमिकों के लिए खुले हैं और किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय का वक्तव्य

IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने जिलाधिकारी मेधा रूपम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन निरंतर श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए कार्य कर रही है। यह स्वास्थ्य शिविर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा, “स्वस्थ कर्मचारी ही सशक्त उद्योग का आधार हैं और सशक्त उद्योग ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करते हैं।” उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि IBA सदैव प्रशासन के साथ मिलकर सामाजिक एवं औद्योगिक हितों में कार्य करती रहेगी।

JBJ Technologies Limited के AVP देवेंद्र शर्मा का वक्तव्य

कंपनी के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट देवेंद्र शर्मा ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि हमारे प्लांट में इस प्रकार का जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। हम न केवल उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। जिलाधिकारी का मार्गदर्शन और IBA का सहयोग हमारे लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।

IBA महासचिव सुनील दत्त शर्मा का वक्तव्य

IBA के महासचिव सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि यह पहल केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। IBA भविष्य में भी इस प्रकारT के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा और अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयों को इससे जोड़ने का प्रयास करेगा।

विशिष्ट उपस्थिति

इस अवसर पर श्रम विभाग के उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उद्योग बंधु के प्रतिनिधि एवं उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सहायक कारखाना निदेशक अंशुल तिवारी, नोएडा सेंट्रल के ACP राजीव कुमार गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक थाना इकोटेक-3 अजय सिंह एवं चौकी प्रभारी सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं औद्योगिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

IBA की ओर से अध्यक्ष अमित उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य चंद्र प्रकाश राय, कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर, संजय पांचाल, श्रीमती ऋषिका उपाध्याय, JBJ Technologies के AVP देवेंद्र शर्मा, अजीत सिंह एवं अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

शिविर की विशेषताएं

शिविर में श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण किया। इस पहल से बड़ी संख्या में श्रमिक लाभान्वित हुए। यह आयोजन न केवल श्रमिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि उद्योग, प्रशासन एवं समाज के बीच बेहतर समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।