‘स्वर गंगा’ में बही काव्यधारा, तालियों की गूंज से मुखरित हुआ सभागार | साहित्य प्रेमी मण्डल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 अप्रैल 2026): राजधानी के हिन्दी भवन में रविवार, 19 अप्रैल को साहित्यिक उल्लास और काव्य रस की अविरल धारा उस समय देखने को मिली, जब साहित्य प्रेमी मण्डल (पंजी.) के तत्वावधान में महाकवि निराला की स्मृति में ‘स्वर गंगा’ कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन बृज शुक्ल ‘घायल’, अल्हड़ बीकानेरी, गोस्वामी आर.सी. भारती एवं नन्द किशोर ‘किशोर’ को समर्पित रहा, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।

कार्यक्रम का संचालन अपने विशिष्ट और चुटीले अंदाज़ के लिए प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा। संस्था के संरक्षक एडवोकेट कवि मुकेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष आयाम प्रदान किया।

संस्था के महासचिव डॉ. प्रवीण शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1985 में स्थापित साहित्य प्रेमी मण्डल पिछले 41 वर्षों से निरंतर साहित्य सेवा में सक्रिय है और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस भव्य आयोजन का संपादन किया गया।

इस अवसर पर हास्य कवि अरुण जैमिनी को ‘अल्हड़ बीकानेरी हास्य रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया। वहीं कविवर विनीत चौहान को ‘साहित्य भारती सम्मान’, तेज नारायण बेचैन को ‘निराला श्री सम्मान’ तथा दिनेश रघुवंशी को ‘काव्य किशोर सम्मान’ प्रदान किए गए। सभी सम्मानित रचनाकारों को इक्यावन हजार रुपये की सम्मान राशि, सम्मान पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट किए गए। साथ ही कवि अमित अक्स और सुविख्यात लेखक भगवान दीक्षित की पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया।

खचाखच भरे सभागार में काव्य प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। अरुण जैमिनी ने अपने हरियाणवी हास्य के अंदाज़ से सबको ठहाके लगाने पर मजबूर किया, वहीं तेज नारायण बेचैन की व्यंग्य रचना ने समकालीन विषयों पर तीखा हास्य प्रस्तुत किया। विनीत चौहान की वीर रस से ओतप्रोत कविता ‘कर्ण’ ने उत्साह का संचार किया, जबकि दिनेश रघुवंशी ने पारिवारिक संवेदनाओं से जुड़े मार्मिक गीत सुनाए।

डॉ. प्रवीण शुक्ल ने संचालन के साथ-साथ अपनी गीत, ग़ज़ल और हास्य-व्यंग्य रचनाओं से वातावरण को सरस बनाए रखा। कलाम भारती की वीर रस की कविताओं ने भी खूब सराहना बटोरी। डॉ. रुचि चतुर्वेदी की ब्रज भाव से ओतप्रोत प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावलोक में ले जाकर खड़ा कर दिया। उनकी पंक्तियाँ- “ब्रज की रज माधुरी ने कहा, भ्रमर से पांखुरी ने कहा,
अपनी राधा को आवाज़ दो, कृष्ण से बांसुरी ने कहा।”
पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अंत में साहित्य प्रेमी मण्डल की ओर से सूबे सिंह पाराशर, राजेश कुमार, निर्दोष शर्मा, पी.के. आज़ाद एवं पंकज शर्मा ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में चेतना इंडिया के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व महासचिव विजयलक्ष्मी कासोटिया, भवतारिणी एवं प्रदीप कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और काव्य के प्रति लोगों की गहरी आस्था और जुड़ाव का सजीव उदाहरण बनकर उभरा, जिसने दिल्ली के साहित्यिक परिवेश को एक नई ऊर्जा प्रदान की।।

साहित्य प्रेमी मण्डल द्वारा ‘स्वर गंगा’ कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।