8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री, महिला आरक्षण बिल पर चर्चा या करेंगे बड़ा ऐलान?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (18 अप्रैल 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि उनका यह संबोधन लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े अहम विधेयक के पारित न हो पाने के बाद की स्थिति पर केंद्रित होगा। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखते हुए देशवासियों को पूरी स्थिति से अवगत कराएंगे और आगे की रणनीति के संकेत भी दे सकते हैं।

दरअसल, संसद के विशेष सत्र में सरकार ने महिलाओं को राजनीति में 33% आरक्षण देने के उद्देश्य से संशोधन से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए थे। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद सरकार आवश्यक बहुमत जुटाने में सफल नहीं हो सकी।शुक्रवार रात लोकसभा में विधेयक पर हुए मतदान के दौरान 298 सदस्यों ने इसके समर्थन में मतदान किया, जबकि 230 सांसदों ने इसके विरोध में मतदान किया. मतदान करने वाले 528 सदस्यों में से, विधेयक को दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 के मतों की आवश्यकता थी, इस कारण यह बहुप्रतीक्षित विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो पाया।

महिला आरक्षण बिल का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई सीटों का आरक्षण प्रदान करना है। वर्तमान में 543 सदस्यीय लोकसभा में केवल 74 महिला सांसद हैं। प्रस्तावित योजना के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने और उसमें 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की बात कही गई थी। यदि यह बिल पारित हो जाता, तो भारत दुनिया के उन देशों में शामिल हो सकता था जहां महिला प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है।

वहीं, इस मुद्दे पर विपक्ष और सरकार के बीच तीखी राजनीतिक खींचतान भी देखने को मिली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान इस विधेयक पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह वास्तविक महिला सशक्तिकरण से जुड़ा बिल नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी वर्ष 2023 में एक महिला आरक्षण बिल पारित हुआ था, जिसे लागू होने में समय लगने की बात कही गई थी, और वर्तमान प्रस्ताव उसी दिशा में ठोस कदम नहीं है।

ऐसे में आज रात प्रधानमंत्री का संबोधन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें वे न केवल इस विधेयक के असफल रहने के कारणों पर प्रकाश डाल सकते हैं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार की आगे की नीति और प्रतिबद्धता भी स्पष्ट कर सकते हैं। देशभर की निगाहें अब इस संबोधन पर टिकी हुई हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।