New Delhi News (17 April 2026): राजधानी के द्वारका इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। द्वारका जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने यह कार्रवाई करते हुए जतिन शर्मा और पवन भंडारी को दबोचा, जो हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे थे। दोनों आरोपी कुख्यात विक्की टक्कर गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं और इलाके में लंबे समय से दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला डाबरी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास से जुड़ा है। 8 अप्रैल को महेंद्र सिंह नामक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और बयान देने की स्थिति में नहीं था। बाद में 9 अप्रैल को एफआईआर संख्या 221/26 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान जतिन शर्मा और पवन भंडारी की संलिप्तता सामने आई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पीड़ित से इलाके में दुकान खोलने की अनुमति देने के बदले पैसे की मांग कर रहे थे। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो उस पर हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इलाके में भय का माहौल बनाकर अवैध वसूली करना चाहते थे, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ था।
पुलिस को 16-17 अप्रैल की दरमियानी रात सूचना मिली कि दोनों आरोपी यूईआर-II मार्ग पर नजफगढ़ की ओर से धुलसिरास चौक के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने जाल बिछाया। करीब 2:10 बजे स्कूटी पर आते दोनों आरोपियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी जतिन शर्मा की गोली कांस्टेबल शिवराम की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली जतिन शर्मा के बाएं पैर में लगी और दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अत्याधुनिक पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि उनकी स्कूटी बिंदापुर क्षेत्र से चोरी की निकली।
इस मामले में द्वारका Sector 23 थाने में एसआई नवीन कुमार के बयान पर एफआईआर संख्या 103/2026 दर्ज की गई है। इसमें धारा 109(1), 132, 221, 3(5) बीएनएस और 25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में भी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।