अमरोहा में अनोखा मामला: एक दुल्हन के लिए पहुंचीं दो बारातें, पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pardesh (14/04/2026): उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रविवार को एक अनोखा मामला सामने आया, जब एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग जगहों से बारातें एक साथ बैंक्वेट हॉल पहुंच गईं। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

मामला अमरोहा कोतवाली क्षेत्र के कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल का है। जानकारी के अनुसार, दुल्हन की पहले मुरादाबाद निवासी युवक से मंगनी हुई थी, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच विवाद के चलते यह रिश्ता टूट गया। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने संभल निवासी दूसरे युवक से उसी तारीख पर शादी तय कर दी।

चूंकि शादी के कार्ड पहले ही बंट चुके थे और तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, इसलिए मुरादाबाद का दूल्हा भी तय कार्यक्रम के अनुसार बारात लेकर पहुंच गया। वहीं, संभल से भी दूसरी बारात उसी समय बैंक्वेट हॉल पहुंच गई। एक ही दुल्हन के लिए दो बारातों के पहुंचने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख दुल्हन पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराया। इसके बाद दुल्हन की रजामंदी को प्राथमिकता दी गई।

दुल्हन की सहमति से संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह की रस्म पूरी कराई गई। समारोह सादगी से संपन्न हुआ और शाम को दुल्हन की विदाई कर दी गई। वहीं, मुरादाबाद से आई बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। तीनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया। फिलहाल, यह अनोखी घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।