नोएडा में आगजनी-तोड़फोड़ पर कार्रवाई की मांग, सिटीजन फोरम ने विधायक को लिखा पत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (13/04/2026): शहर में श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) ने कड़ी चिंता जताई है। फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने इस मामले में नोएडा के विधायक पंकज सिंह को पत्र लिखकर घटना में शामिल अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

पत्र में प्रदेश के मुख्यमंत्री और गौतमबुद्ध नगर के सांसद से भी इस मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया है। शालिनी सिंह ने कहा कि, श्रमिक आंदोलन की आड़ में हुई सामूहिक हिंसा और आगजनी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाएं किसी भी सभ्य समाज के लिए चिंता का विषय होती हैं और इससे आम लोगों के मन में असुरक्षा और भय का माहौल बनता है।

उन्होंने कहा कि, इस प्रकार की घटनाएं सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती हैं। नोएडा जैसे विकसित और महत्वपूर्ण शहर में इस तरह की हिंसक घटनाएं होना अत्यंत अनुचित है। साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना का घटित होना प्रशासनिक सतर्कता पर प्रश्नचिह्न लगाता है।

शालिनी सिंह ने कहा कि, यह समझ से परे है कि इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद पुलिस प्रशासन को इसकी पूर्व सूचना कैसे नहीं मिली। उन्होंने पूछा कि क्या शहर में कोई स्थानीय सतर्कता तंत्र सक्रिय नहीं है या पुलिस का खुफिया विभाग अपनी जिम्मेदारियों को सही ढंग से नहीं निभा पा रहा है।

नोएडा सिटीजन फोरम ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन को स्पष्ट और प्रभावी नीति तैयार करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही शहरवासियों को सार्वजनिक रूप से आश्वस्त किया जाना चाहिए कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

फोरम का कहना है कि नोएडा आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। हाल ही में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया गया है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं बल्कि शहर की सकारात्मक छवि को भी प्रभावित करती हैं।

नोएडा सिटीजन फोरम ने व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कर नागरिकों का विश्वास बनाए रखने की आवश्यकता भी जताई है।

इसके साथ ही फोरम ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यह भी कहा कि श्रमिकों की जायज मांगों और उनके हितों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। यदि श्रमिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए तो भविष्य में ऐसी अराजक स्थिति उत्पन्न होने से रोका जा सकता है। फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने विधायक पंकज सिंह से अनुरोध किया है कि वे पुलिस और प्रशासन से इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल तलब कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।