दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026: 60 से अधिक देशों की 175 फिल्मों के साथ भव्य वापसी
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News ( 10 April 2026): राजधानी दिल्ली एक बार फिर विश्व सिनेमा के रंगों में रंगने जा रही है। संस्कृति मंत्रालय के अधीन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) और द सोशल सर्किल द्वारा आयोजित 15वां दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (DIFF 2026) 4 से 8 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित आयोजन डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर (DAIC), जनपथ और IGNCA में भव्य रूप से संपन्न होगा। इस वर्ष समारोह और भी व्यापक वैश्विक स्वरूप में सामने आ रहा है, जिसमें 60 से अधिक देशों की 175 फिल्मों का प्रदर्शन और 100 से ज्यादा कलाकृतियों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र होगी।
समारोह का उद्घाटन दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता मशहूर मलयालम फिल्मकार अडूर गोपालकृष्णन करेंगे। इस अवसर पर बंगाली सिनेमा के महान अभिनेता उत्तम कुमार की जन्मशती पर विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं मोरक्को के प्रसिद्ध फिल्मकार मोहम्मद आहेद बेन्सौदा को सम्मानित करते हुए उनकी चर्चित फिल्म The Divorcees of Casablanca प्रदर्शित की जाएगी। बांग्लादेश की प्रसिद्ध गायिका रूना लैला को ‘मीनार-ए-दिल्ली अवार्ड’ और वरिष्ठ भारतीय गायिका उषा उथुप को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। साथ ही वरिष्ठ अभिनेत्री शर्मिला टैगोर की बंगाली सिनेमा में वापसी को उनकी फिल्म पुरातन: द एनिशेंट के माध्यम से विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
फिल्म समारोह में भारतीय सिनेमा की कई दिग्गज हस्तियां जैसे केतन मेहता, रेवती, रितुपर्णो सेनगुप्ता, श्वेता मेनन, हिमानी शिवपुरी, राजपाल यादव, रघुवीर यादव, पियूष मिश्रा और यशपाल शर्मा शिरकत करेंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लेबनान, अफगानिस्तान, ओमान, मिस्र, मोरक्को और बांग्लादेश सहित कई देशों के कलाकार इस आयोजन को वैश्विक मंच प्रदान करेंगे।
इस बार समारोह में रूस की प्रमुख फिल्म संस्था रोस्किनो और मोजाम्बिक का राष्ट्रीय फिल्म संस्थान सहयोगी भागीदार के रूप में शामिल होंगे। विशेष रूप से रूस और चीन की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि अफ्रीकी सिनेमा को फोकस में रखा गया है। पांच दिनों तक चलने वाला यह आयोजन न केवल फिल्मों के प्रदर्शन तक सीमित रहेगा, बल्कि सिनेमा के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को भी नई दिशा देगा।
समारोह में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। फिल्मों का चयन प्रसिद्ध फिल्म पत्रकार अनुराग पुनेठा, समीक्षक प्रमोद कौंसवाल और टीवी विशेषज्ञ रीमा दिनेश कपूर द्वारा किया गया है, जबकि ज्यूरी की अध्यक्षता रमन चावला करेंगे।
फिल्म समारोह में विभिन्न श्रेणियां जैसे वर्ल्ड सिनेमा, इंडियन सिनेमा, एनआरआई सिनेमा, शॉर्ट फिल्म्स, डॉक्यूमेंट्री और रेट्रोस्पेक्टिव सेक्शन शामिल होंगे। वर्ल्ड सिनेमा में 21 फीचर, 25 शॉर्ट और 12 डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई जाएंगी, जबकि इंडियन शोकेस में 11 फीचर और 41 शॉर्ट फिल्मों के साथ कुल 175 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
समारोह को लेकर आम दर्शकों और फिल्म समीक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म समीक्षक प्रवीण भटनागर के अनुसार, दिल्ली में हुए अन्य आयोजनों के कारण भ्रम की स्थिति बनी थी, लेकिन DIFF अपनी मौलिकता और विश्वसनीयता के कारण एक अलग पहचान बनाए हुए है।
दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक और अध्यक्ष रामकिशोर पारचा ने कहा कि यह मंच सिनेमा के माध्यम से समाज, संस्कृति और मानवीय संघर्षों को समझने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी समारोह का उद्देश्य विश्व सिनेमा के जरिए समाज की सच्चाई और मानवीय जिजीविषा को दर्शाना रहेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।