Greater Noida News (09/04/2026): 8 अप्रैल, बुधवार को तीसरे दिन श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामलीला मैदान, ऐछर बिरोड़ा, सेक्टर पाई-1 में श्री राम कथा का भव्य आयोजन हुआ। जिसमें अंतरराष्ट्रीय कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज की अमृतमयी वाणी से श्रीराम कथा सुनाई गई। बता दें कि यह राम कथा 6 अप्रैल से शुरू होकर 14 अप्रैल तक लगातार आयोजित की जा रही है।
तीसरे दिन की कथा में अतुल कृष्ण भारद्वाज महाराज ने राम कथा का अद्भुत महात्म्य बताया। उन्होंने कहा कि भगवान निर्मल एवं स्वच्छ मन वालों को ही प्राप्त होते हैं। अधर्म के नाश के लिए भगवान अवतार लेते हैं। जब-जब धरती पर अधर्म का बोलबाला होता है, तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर असुरों का नाश करते हैं और धर्म की विजय सुनिश्चित करते हैं। भगवान चारों दिशाओं के कण-कण में विद्यमान हैं और उन्हें प्राप्त करने का मार्ग केवल सच्चे मन की भक्ति है।
त्रेता युग में जब असुरों की शक्ति बढ़ने लगी, तब माता कौशल्या की कोख से भगवान राम का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान सर्वत्र हैं—प्रेम से पुकारने और सच्चे मन से स्मरण करने पर वे कहीं भी प्रकट हो सकते हैं। इसलिए कहा गया है—“हरि व्यापक सर्वत्र समाना।” आगे व्यास जी ने कहा कि निर्गुण से सगुण भगवान सदैव भक्त के प्रेम के वशीभूत रहते हैं और भक्तों के भाव के अनुसार सगुण रूप धारण करते हैं।
धर्म और संप्रदाय के अंतर को समझाते हुए भारद्वाज ने बताया कि धर्म व्यक्ति के अंदर एकजुटता का भाव उत्पन्न करता है, जबकि संप्रदाय व्यक्ति को बाहरी रूप से एक बनाता है। उन्होंने कहा कि एक पुस्तक, एक पूजा स्थल, एक पैगंबर और एक पूजा पद्धति व्यक्ति को सीमित और संकुचित बना सकती है, जबकि ईश्वर के विभिन्न रूपों को विभिन्न माध्यमों से स्मरण करना सनातन धर्म सिखाता है।

ईश्वर और पैगंबर के अंतर को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि ईश्वर के अवतार से असुरों का नाश होता है और अधर्म पर धर्म की विजय होती है। यह अद्भुत कार्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण ने अयोध्या और मथुरा की धरती पर अवतार लेकर किया। दोनों ने असुरों का संहार कर धर्म की रक्षा की।
व्यास जी ने देश की युवा पीढ़ी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज का युवा पाश्चात्य सभ्यता के प्रभाव में फंसा हुआ है। वह राम, कृष्ण और सीता जैसे आदर्शों तथा भारतीय संस्कृति से दूर होता जा रहा है। उन्होंने माताओं से आग्रह किया कि वे युवा पीढ़ी को सही दिशा दे सकती हैं।
उन्होंने कहा कि गर्भवती माताओं के चिंतन, मनन, खान-पान, पठन-पाठन और रहन-सहन का बच्चे पर गहरा प्रभाव पड़ता है। इसलिए गर्भावस्था के दौरान माताओं को भगवान का स्मरण, सात्विक भोजन और सकारात्मक चिंतन करना चाहिए। भगवान राम के जन्म की व्याख्या करते हुए उन्होंने बताया कि भगवान के जन्म से पूर्व विष्णु के द्वारपाल जय और विजय को राक्षस बनने का श्राप मिला था। मनु और शतरूपा के तप के फलस्वरूप भगवान ने राजा दशरथ और माता कौशल्या के घर जन्म लिया, जिससे समस्त अयोध्यावासी आनंदित हो उठे।

भगवान राम के जन्म प्रसंग का वर्णन करते समय जैसे ही कथा व्यास ने भजन गाया, श्रोता भाव-विभोर होकर झूम उठे। ऐसा प्रतीत हुआ मानो वास्तव में पंडाल में भगवान का जन्म हो रहा हो। पूरा पंडाल “राममय” हो गया और चारों ओर पुष्पों की वर्षा होने लगी। हनुमान जी की तरह भगवान के नाम का सुमिरन और कीर्तन जीवन का हिस्सा बने—इन सभी बातों को महाराज जी ने बड़ी सुगमता से कथा श्रोताओं के सामने रखकर सभी को धन्य किया।
आज कथा के मुख्य यजमान हरवीर मावी तथा सह-यजमान शेर सिंह भाटी और धीरज शर्मा रहे। आज के दैनिक यजमान भी उपस्थित रहे।
इस राम कथा में आज वरिष्ठ प्रचारक ईश्वर दयाल, स्वामी सुशील महाराज, अध्यक्ष आनंद भाटी, पंडित प्रदीप शर्मा, कुलदीप शर्मा, दिनेश गुप्ता, पवन नागर, ममता तिवारी, मनीष डावर, अतुल आनंद, फिरे प्रधान, सत्यवीर मुखिया, महेश शर्मा बदौली, उमेश गौतम, रोशनी सिंह, वीरपाल मावी, तेज कुमार भाटी, सुंदर भाटी, भगवत भाटी, ज्योति सिंह, अश्विनी शुक्ला, राकेश बैसोया, रश्मि अरोड़ा, गीता सागर, यशपाल नागर, चैनपाल प्रधान, अजय कसाना, पवन भाटी और राकेश नंबरदार उपस्थित रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।