ग्रेटर नोएडा (26 जनवरी 2025): ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र के कुरैब गांव में एक युवक की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव तीन दिन बाद गांव के पास सीवर टैंक से बरामद हुआ। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
23 जनवरी को मोनू उर्फ मुनेन्द्र कुमार (निवासी कुरैब) अपने पड़ोसी और दोस्तों अंकित और प्रिंस के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर हापुड़ के लिए रवाना हुआ था। सभी एक ही समुदाय से संबंध रखते थे। लेकिन अगले दिन यानी 24 जनवरी तक मोनू घर नहीं लौटा। इसके बाद मोनू के पिता ने जेवर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 26 जनवरी की सुबह ग्राम बीरमपुर और नगला हांडा के बीच चकरोड के पास स्थित सीवर टैंक में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मोनू के रूप में की।
मृतक के शव की हालत देखकर यह साफ हो गया कि अपहरण के बाद उसके साथ बर्बरता की गई थी। मोनू के चेहरे पर करीब दो गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मोनू के परिजनों ने हत्या का आरोप गांव के ही कुछ लोगों पर लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने शुरुआती जांच में लापरवाही बरती, जिससे अपराधियों को समय मिला। गुस्साए परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज करते हुए जांच शुरू की और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड के अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से कुरैब गांव और आसपास के इलाकों में माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सतर्कता बनाए हुए है। वहीं, परिजनों को न्याय दिलाने के लिए आश्वासन दिया गया है।
यह मामला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।