ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य कार-बाइक शोभायात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/04/2026): गौतमबुद्ध नगर जिले में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य कार और बाइक शोभायात्रा निकाली गई। इस विशाल आयोजन में सैकड़ों वाहन, युवाओं की टोलियां, महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। श्रद्धालुओं के “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

कार्यक्रम की शुरुआत रौजा गोल चक्कर स्थित 4 प्रतिशत मैदान से विधि-विधान के साथ पूजन और ध्वज वंदन कर की गई। इसके बाद कारों और मोटरसाइकिलों का काफिला निर्धारित मार्गों से होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से गुजरा। रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न झांकियों के माध्यम से राम और हनुमान के जीवन प्रसंगों का चित्रण किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। विश्व हिंदू परिषद की ओर से सामाजिक जागरूकता से जुड़ी एक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर ने कहा कि हनुमान का चरित्र सेवा, समर्पण और निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि समाज उनके आदर्शों को अपनाए तो राष्ट्र और समाज दोनों मजबूत बन सकते हैं। उनके अनुसार वर्तमान समय में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना बेहद जरूरी है, और ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता तथा संगठन की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

इस अवसर पर मेरठ प्रांत के विद्यार्थी प्रमुख समर सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हनुमान का जीवन केवल भक्ति का उदाहरण नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और देश के विकास में योगदान दें।

शोभायात्रा की एक खास विशेषता युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। भगवा ध्वज हाथों में लिए और माथे पर तिलक लगाए युवा पूरे मार्ग में अनुशासन के साथ यात्रा में शामिल रहे। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित शर्मा ने किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों और हिंदू समाज का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री मुनिंद्र, विभाग मंत्री ललित, विभाग बजरंग दल संयोजक सुमित यादव, दुर्गा वाहिनी की विभाग संयोजिका नीतू वर्मा, जिला अध्यक्ष विनय चौधरी, जिला मंत्री विवेक राजपूत, अमित त्यागी, भाष्कर, यतेंद्र नागर समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आयोजन की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में सुमित कुमार, शंकी त्यागी, सरवन, हैप्पी त्यागी, सचिन त्यागी, मोहित शर्मा और अजीत कुमार सहित बजरंग दल के कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।