तेज आवाज में गाना बजाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, हॉकी से हमला कर युवक को किया घायल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/04/2026): दनकौर कोतवाली क्षेत्र की एक सोसायटी में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में रहने वाले एक युवक पर कथित तौर पर हॉस्टल संचालक ने हॉकी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित गोमेश सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में रहते हैं। सोसायटी में कई मकानों में हॉस्टल संचालित किए जा रहे हैं। उनके घर के सामने एक हॉस्टल संचालक ने अपनी गाड़ी खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजाने शुरू कर दिए, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
बताया गया कि जब गोमेश सिंह की मां ने आरोपी से शोर कम करने और गाने बंद करने का अनुरोध किया, तो वह आगबबूला हो गया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए विवाद करने लगा। घर के बाहर हो रहे हंगामे की आवाज सुनकर गोमेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और मां के साथ हो रही बदसलूकी का विरोध किया।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने आपा खोते हुए हॉकी से गोमेश सिंह पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में गोमेश को चोटें आईं और वह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद सोसायटी के लोगों में भी नाराजगी देखी गई और कई निवासियों ने देर रात तक शोर-शराबे की समस्या को लेकर चिंता जताई।
इस मामले में दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।