New Delhi News (04 April 2026): आम आदमी पार्टी में अंदरूनी विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। हाल ही में पार्टी ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया। इसके साथ ही पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय से यह भी आग्रह किया कि उन्हें सदन में बोलने का समय न दिया जाए। इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर खींचतान तेज हो गई और कई शीर्ष नेताओं ने राघव चड्ढा पर गंभीर आरोप लगाए।
आप नेताओं ने राघव चड्ढा पर तीन मुख्य आरोप लगाए पहला, विपक्ष के वॉकआउट के दौरान उनका साथ न देना; दूसरा, चुनाव आयुक्त के खिलाफ इम्पीचमेंट मोशन पर हस्ताक्षर करने से इनकार; और तीसरा, संसद में “बेकार मुद्दे” उठाना। इन आरोपों के बाद सियासी हलकों में बहस तेज हो गई और इसे पार्टी के भीतर बड़े मतभेद के रूप में देखा जाने लगा।
इन आरोपों पर अब राघव चड्ढा ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “नमस्कार साथियों, कल से मेरे खिलाफ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है। यह कोई कॉइंसिडेंस नहीं है, बल्कि एक कोऑर्डिनेटेड अटैक है। पहले मैंने सोचा कि मुझे इसका जवाब नहीं देना चाहिए, लेकिन फिर लगा कि अगर झूठ को सौ बार बोला जाए तो लोग उसे सच मान सकते हैं, इसलिए मैंने जवाब देना जरूरी समझा।”
राघव ने पहले आरोप को खारिज करते हुए कहा, “जब विपक्ष वॉकआउट करता है तो मैं साथ नहीं देता यह सरासर झूठ है। मैं चुनौती देता हूं कि एक भी दिन बताइए जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और मैंने साथ न दिया हो। संसद में हर जगह CCTV कैमरे हैं, आप फुटेज निकालकर दिखा दीजिए।” दूसरे आरोप पर उन्होंने कहा, “इलेक्शन कमिश्नर के इम्पीचमेंट मोशन पर साइन करने से मैंने मना किया, यह भी सफेद झूठ है। न तो किसी ने मुझसे औपचारिक तौर पर कहा, न अनौपचारिक तौर पर। और हमारी पार्टी के कई सांसदों ने भी साइन नहीं किया, तो सारा दोष मुझ पर क्यों डाला जा रहा है?”
तीसरे आरोप का जवाब देते हुए राघव चड्ढा ने कहा, “कहा गया कि मैं डर गया हूं और बेकार मुद्दे उठाता हूं। मैं साफ कर दूं कि मैं संसद में शोर मचाने या माइक तोड़ने नहीं गया हूं, मैं जनता के मुद्दे उठाने गया हूं। मैंने GST से लेकर इनकम टैक्स, पंजाब के पानी से लेकर दिल्ली की हवा, सरकारी स्कूलों से लेकर पब्लिक हेल्थ, रेलवे यात्रियों की समस्याएं, मेंस्ट्रुअल हेल्थ, बेरोजगारी और महंगाई तक हर मुद्दा उठाया है। मेरा चार साल का ट्रैक रिकॉर्ड उठाकर देख लीजिए।”
अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा, “मैं संसद में इम्पैक्ट क्रिएट करने गया हूं। टैक्सपेयर्स के पैसे से चलने वाली संसद में मैं उन्हीं के मुद्दे उठाने गया हूं। जो लोग आज मुझ पर आरोप लगा रहे हैं, उनके हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा। हर सवाल का जवाब दूंगा, क्योंकि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।” इस बयान के बाद AAP के भीतर का विवाद और गहरा गया है और आने वाले दिनों में यह राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।