New Delhi/ UP News (03 अप्रैल 2026): राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने स्वच्छ और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के आनंद विहार स्टेशन पर अब तक का सबसे बड़ा फास्ट इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिया है। इस अत्याधुनिक सुविधा के शुरू होने से इलेक्ट्रिक वाहन धारकों को तेज़ और सुविधाजनक चार्जिंग व्यवस्था उपलब्ध होगी, जिससे उनकी यात्रा और अधिक आसान और पर्यावरण अनुकूल बनेगी।
एनसीआरटीसी द्वारा स्थापित इस चार्जिंग स्टेशन में 480 किलोवाट क्षमता वाली 10 हाई-वोल्टेज चार्जिंग यूनिट्स लगाई गई हैं, जो एक साथ 10 इलेक्ट्रिक वाहनों को तेज़ी से चार्ज करने में सक्षम हैं। इन फास्ट चार्जिंग यूनिट्स की खासियत यह है कि चौपहिया वाहनों को केवल 30 मिनट में लगभग 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। साथ ही, भारी व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहनों (Commercial EVs) के लिए भी विशेष चार्जिंग पॉइंट्स उपलब्ध कराए गए हैं।
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन धारक “इलेक्ट्रीफाई (ElectreeFi)” मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से चार्जिंग स्लॉट बुक कर सकते हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है, जिसके जरिए उपयोगकर्ता पंजीकरण (Registration) करने के बाद ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग (Online Slot Booking) कर सकते हैं। इसके अलावा, वाहन मालिक रीयल-टाइम मॉनिटरिंग (Real-time Monitoring) के जरिए चार्जिंग की स्थिति देख सकते हैं और डिजिटल भुगतान (Digital Payment) भी आसानी से कर सकते हैं।
आनंद विहार स्टेशन पर इस सुविधा के शुरू होने के बाद अब साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ सहित दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के कुल 8 स्टेशनों पर ई-वाहन चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इन स्टेशनों पर फास्ट और सामान्य दोनों प्रकार के चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।
यह सुविधा न केवल नमो भारत यात्रियों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। अक्सर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर (Charging Infrastructure) की कमी के कारण लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में संकोच करते हैं, ऐसे में यह पहल लोगों को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन की ओर प्रोत्साहित करेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।